चंदन गुप्ता की स्मृति में निकला कैंडल मार्च, लंबित मांगें पूरी करने की उठी आवाज

चंदन गुप्ता की स्मृति में निकला कैंडल मार्च, लंबित मांगें पूरी करने की उठी आवाज

स्वर्गीय चदन गुप्ता की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलित करते युवा।

 

कासगंज। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर चंदन गुप्ता की स्मृति में कैंडल मार्च निकाला गया। इस दौरान चंदन गुप्ता की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलित कर पुष्प अर्पित किए गए और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने चंदन गुप्ता के बलिदान को याद करते हुए उनके परिवार की लंबित मांगों को जल्द पूरा किए जाने की मांग उठाई।

चंदन गुप्ता के भाई विवेक गुप्ता ने कहा कि 26 जनवरी 2018 को तिरंगा यात्रा के दौरान चंदन गुप्ता की हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद सरकार की ओर से चंदन चौक बनाए जाने और परिवार के सदस्य को नौकरी दिए जाने सहित कई आश्वासन दिए गए थे, लेकिन लंबे समय बीत जाने के बावजूद इन आश्वासनों को अभी तक पूरा नहीं किया गया है।

विवेक गुप्ता ने कहा कि गृह मंत्रालय और मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से आदेश एवं निर्देश जारी होने के बावजूद चंदन गुप्ता प्रकरण से जुड़ी मांगों पर स्थानीय प्रशासन द्वारा अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन के रवैये के कारण परिवार को अपने हक के लिए लगातार संघर्ष करना पड़ रहा है।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि चंदन गुप्ता की स्मृति और उनके परिवार से किए गए वादों का सम्मान करते हुए सरकार को लंबित मांगों पर शीघ्र निर्णय लेना चाहिए। उन्होंने सरकार और प्रशासन से पूर्व में किए गए आश्वासनों को जल्द से जल्द पूरा करने की मांग की।

कार्यक्रम के अंत में चंदन गुप्ता की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उनके बलिदान को नमन किया गया।

Soron Live 24
Author: Soron Live 24

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *