गंगा कटान रोकने और विकास कार्यों की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

गंगा कटान रोकने और विकास कार्यों की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

पटियाली के गंगा पार क्षेत्र में बांध, अस्पताल, बिजलीघर और सड़क निर्माण सहित नौ सूत्रीय मांगें उठाईं

पटियाली, कासगंज। पटियाली तहसील के गंगा पार एवं तटीय क्षेत्र के विकास, गंगा कटान की समस्या के स्थायी समाधान तथा जनसमस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर एडवोकेट एवं समाजसेवी अब्दुल हफीज गांधी ने मुख्यमंत्री के नाम उपजिलाधिकारी पटियाली के माध्यम से ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में कहा गया है कि गंगा पार क्षेत्र आज भी विकास की मुख्यधारा से काफी पीछे है। क्षेत्र के लोग बाढ़, गंगा कटान, खराब सड़कों, बिजली की समस्या और स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं। प्रत्येक वर्ष गंगा कटान के कारण बड़ी मात्रा में कृषि भूमि प्रभावित होती है, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान के साथ ही कई गांवों के अस्तित्व पर भी खतरा बना रहता है।

ज्ञापन में रामताल से हिम्मतनगर बझेरा तक मजबूत एवं स्थायी बांध निर्माण कराने तथा हंसी नगला-मूंजखेड़ा से राजेपुर कुर्रा तक बांध निर्माण को प्राथमिकता देने की मांग की गई है।

इसके अलावा नगला खिमाई में सहकारी समिति खाद केंद्र, गंगा पार क्षेत्र में सरकारी अस्पताल और ओम नगरिया में विद्युत उपकेंद्र स्थापित करने की मांग रखी गई है।

ज्ञापन में कादरगंज पुल पर हाईमास्ट एवं स्ट्रीट लाइट, नगला जयकिशन मार्ग और रामताल रोड की क्षतिग्रस्त पुलियों का पुनर्निर्माण तथा वहोरा से सनोड़ी खास तक सड़क की मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण कराने की मांग भी शामिल है।

अब्दुल हफीज गांधी ने कहा कि इन समस्याओं का स्थायी समाधान होने से गंगा पार क्षेत्र के लाखों लोगों को राहत मिलेगी, किसानों की भूमि सुरक्षित होगी और क्षेत्र में विकास को गति मिलेगी। उन्होंने सभी मांगों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

Soron Live 24
Author: Soron Live 24

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *