मंडलायुक्त संगीता सिंह ने लहरा गंगा घाट का किया स्थलीय निरीक्षण, कांवड़ यात्रा व्यवस्थाओं को बताया संतोषजनक
श्रद्धालुओं व गोताखोरों से लिया फीडबैक, मेडिकल कैंप, सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था और महिला सुविधाओं का किया निरीक्षण

कासगंज, 07 अगस्त 2026। अलीगढ़ मंडल की मंडलायुक्त संगीता सिंह के कलेक्ट्रेट पहुंचने पर पुलिस द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। जिलाधिकारी प्रणय सिंह एवं पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इसके बाद मंडलायुक्त ने तीर्थ नगरी सोरों के लहरा गंगा घाट पहुंचकर कांवड़ यात्रा एवं श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने घाट पर उपलब्ध सुरक्षा एवं सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने श्रद्धालुओं और तैनात गोताखोरों से बातचीत कर सुरक्षा व्यवस्था, सुविधाओं और संचालन संबंधी जानकारी प्राप्त की।
मंडलायुक्त ने मेडिकल कैंप, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, महिला चेंजिंग रूम, मोबाइल शौचालय, घाट एवं सड़क की साफ-सफाई, झाड़ियों की कटाई, गोताखोरों और नावों की उपलब्धता सहित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी व्यवस्था का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रियों एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। सभी व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी की जाए तथा किसी भी प्रकार की कमी पाए जाने पर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी वीरेंद्र सिंह, उप जिलाधिकारी एस.एन. त्रिपाठी, क्षेत्राधिकारी कासगंज आंचल चौहान, उप जिलाधिकारी एवं अधिशासी अधिकारी हर्षिता देवड़ा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Author: Soron Live 24

