श्रावण मास में कांवड़ यात्रा मार्ग पर एसपी ओ. पी. सिंह का निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा

कासगंज। श्रावण मास में चल रही कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं सुरक्षित संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक ओ. पी. सिंह ने जनपद के कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सोरों गेट, मोहनपुरा और एटा बॉर्डर सहित विभिन्न प्रमुख स्थलों का भ्रमण कर सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने शिवभक्त कांवड़ियों से संवाद कर यात्रा के दौरान उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया। उन्होंने कांवड़ियों को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण यात्रा की शुभकामनाएं देते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने पाए और उनकी समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाए।
एसपी ने कांवड़ मार्ग पर यातायात व्यवस्था, बैरिकेडिंग, ड्यूटी प्वाइंट, सुरक्षा प्रबंध, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पूरे यात्रा मार्ग पर सतर्क निगरानी रखी जाए और किसी भी सूचना पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने कांवड़ यात्रा कंट्रोल रूम पहुंचकर सीसीटीवी कैमरों और निगरानी व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने ड्यूटीरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सभी कैमरों की लगातार मॉनिटरिंग करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एसपी ने सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों और ड्यूटीरत पुलिसकर्मियों को कांवड़ियों के साथ शालीन, संवेदनशील और सौहार्दपूर्ण व्यवहार रखने के निर्देश दिए। साथ ही यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने, आपातकालीन सेवाओं के आवागमन में बाधा न आने देने तथा आमजन को न्यूनतम असुविधा सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर आंचल चौहान, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कासगंज जगदीश चंद्र सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं पुलिस बल मौजूद रहा।
Author: Soron Live 24

