स्वतंत्रता दिवस और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की तैयारियां तेज, डीएम ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

स्वतंत्रता दिवस और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की तैयारियां तेज, डीएम ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

9 से 17 अगस्त तक चलेगा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान, 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस और 15 अगस्त को जनपद भर में होंगे राष्ट्रभक्ति से जुड़े विविध कार्यक्रम।

कासगंज। जिलाधिकारी प्रणय सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस, हर घर तिरंगा अभियान एवं स्वतंत्रता दिवस-2026 के सफल आयोजन को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी विभागों के अधिकारियों को शासन की मंशा के अनुरूप तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि 9 से 17 अगस्त तक चलने वाले ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत प्रत्येक घर, सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थान, शिक्षण संस्थान, व्यापारिक प्रतिष्ठान और सार्वजनिक भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। अभियान में युवाओं, स्वयंसेवी संगठनों, नगर निकायों और ग्राम पंचायतों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने बताया कि 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम एवं देश विभाजन के दौरान बलिदान देने वाले लोगों की स्मृति में संगोष्ठी, निबंध, वाद-विवाद और चित्रकला प्रतियोगिताओं सहित विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

जिलाधिकारी ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का उद्देश्य राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करना और नई पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति का भाव जागृत करना है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तिरंगा निर्माण का कार्य लक्ष्य के अनुरूप समय से पूरा कराने तथा सभी कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने बताया कि 15 अगस्त को प्रातः 8 बजे सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी कार्यालयों तथा 10 बजे विद्यालयों और महाविद्यालयों में ध्वजारोहण किया जाएगा। इस अवसर पर वंदे मातरम्, राष्ट्रगान का सामूहिक गायन, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं उनके परिजनों का सम्मान, स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण तथा सांस्कृतिक एवं राष्ट्रभक्ति आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

बैठक में सभी विभागों के अधिकारियों को राष्ट्रीय पर्व की गरिमा के अनुरूप कार्यालयों, सार्वजनिक स्थलों एवं प्रमुख मार्गों को आकर्षक ढंग से सजाने तथा कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर अभियान की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड करने के लिए भी लोगों को प्रेरित करने पर जोर दिया गया।

Soron Live 24
Author: Soron Live 24

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *