जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक: टीकाकरण और आयुष्मान कार्ड निर्माण में तेजी लाने के निर्देश

सीडीओ वीरेन्द्र सिंह ने स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा कर समयबद्ध लक्ष्य पूरे करने पर दिया जोर
कासगंज। मुख्य विकास अधिकारी वीरेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जनपद में संचालित विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में नियमित टीकाकरण कार्यक्रम, मंतरा ऐप, ई-विन पोर्टल, ई-गवर्नेंस, आभा आईडी, जननी सुरक्षा योजना, परिवार कल्याण कार्यक्रम तथा आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत आयुष्मान कार्ड निर्माण की प्रगति की समीक्षा की गई। साथ ही क्षय रोग (टीबी) उन्मूलन कार्यक्रम की भी विस्तार से समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी योजनाओं के निर्धारित लक्ष्य समयबद्ध रूप से पूरे किए जाएं। उन्होंने विशेष रूप से टीकाकरण और आयुष्मान कार्ड निर्माण में तेजी लाने तथा पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पहुंचाने पर जोर दिया।
बैठक के बाद विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान की समीक्षा भी की गई। नगरीय क्षेत्रों में फॉगिंग और एंटी-लार्वा दवा के छिड़काव की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए अधिशासी अधिकारियों को माइक्रोप्लान के अनुसार कार्य कराने के निर्देश दिए गए। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में जिला पंचायत राज अधिकारी को सभी गांवों में नालियों की सफाई, झाड़ियों की कटाई और एंटी-लार्वा दवा के छिड़काव के निर्देश दिए गए।
कृषि, पशुपालन, आईसीडीएस, स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य विभागों की अपेक्षित प्रगति न होने पर सभी संबंधित अधिकारियों को अभियान की गतिविधियां शत-प्रतिशत और समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।
राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस कार्यक्रम की अंतर-विभागीय बैठक में बताया गया कि 14 अगस्त 2026 को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस तथा 18 अगस्त 2026 को मॉप-अप दिवस आयोजित किया जाएगा। अभियान के तहत 1 से 19 वर्ष तक के 7,11,768 बच्चों को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अजय कुमार, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज शुक्ला, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. कुलदीप सिंह, जिला मलेरिया अधिकारी श्रीकांत, आयुष्मान भारत के नोडल अधिकारी डॉ. उत्कर्ष यादव, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, डीपीएम पवन कुमार, डीसीपीएम के.पी. सिंह सहित सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के अधीक्षक, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Author: Soron Live 24

