कांवड़ यात्रा में दर्दनाक हादसा: पिकअप से टकराई बाइक, 19 वर्षीय कांवड़िये की मौत, दो साथी घायल
सोरों (कासगंज)। कांवड़ यात्रा के दौरान रविवार देर रात -कासगंज मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जनपद आगरा कमिश्नरेट के विभिन्न गांवों से 32 कांवड़ियों का जत्था कछला गंगा घाट से जल भरकर अपने गृह जनपद लौट रहा था। इसी दौरान जत्थे की एक बाइक अनियंत्रित होकर आगे चल रही पिकअप में पीछे से जा भिड़ी।
हादसे में बाइक चला रहे मनीष (19 वर्ष) पुत्र विनोद, निवासी शंकरपुर, थाना बाह, जनपद आगरा की मौके पर ही गंभीर चोट लगने से मौत हो गई। बाइक पर उनके साथ अभिषेक पुत्र उमाशंकर, निवासी ग्राम खोहरी, थाना खेड़ा राठौर तथा राहुल पुत्र रामबरन, निवासी हरलालपुर, थाना बाह, जनपद आगरा भी सवार थे।
दुर्घटना के तुरंत बाद साथी कांवड़ियों ने तीनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मनीष को मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार मृतक के शरीर पर कोई बाहरी चोट का निशान नहीं मिला है।

घायल अभिषेक को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, जबकि राहुल की हालत को देखते हुए पेट में दर्द की शिकायत पर बेहतर उपचार के लिए अलीगढ़ रेफर किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के परिजनों को अवगत कराया गया। परिजनों के पहुंचने के बाद पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया। पुलिस मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
Author: Soron Live 24

