श्रावण के प्रथम सोमवार पर सोरों में निकलेगी सोमेश्वर महादेव की भव्य शाही सवारी, श्रद्धा और आस्था से गूंजेगा नगर

सोरों (कासगंज)। तीर्थ नगरी सोरों में श्रावण मास के प्रथम सोमवार 3 अगस्त को भगवान सोमेश्वर महाकाल की भव्य शाही सवारी एवं नगर भ्रमण शोभायात्रा धूमधाम से निकाली जाएगी। आयोजन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं और शिवभक्तों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।


आयोजकों के अनुसार शोभायात्रा शाम 4 बजे से प्रारंभ होगी। भगवान महादेव की सुसज्जित शाही पालकी नगर के प्रमुख मार्गों से होकर निकलेगी, जहां श्रद्धालु पुष्पवर्षा और जयकारों के साथ महाकाल का स्वागत करेंगे। पूरे मार्ग पर धार्मिक और भक्तिमय वातावरण रहेगा।
लालो पुजारी ने बताया शोभायात्रा में उज्जैन के प्रसिद्ध डमरू वादकों की विशेष प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रहेगी। इसके अलावा झांझ वादन, भस्म प्रदर्शन, चिमटा वादन, भव्य ध्वज प्रदर्शन सहित कई धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, जिससे आयोजन की भव्यता और बढ़ेगी।
आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर भगवान महाकाल का आशीर्वाद प्राप्त करने तथा शोभायात्रा को शांतिपूर्ण एवं सफल बनाने में सहयोग की अपील की है। श्रावण मास के प्रथम सोमवार पर आयोजित होने वाली इस शाही सवारी को लेकर पूरे नगर में उत्साह का माहौल है।
Author: Soron Live 24

