कांवड़ियों की सेवा में उतरी कांग्रेस, पुष्पवर्षा कर किया भव्य स्वागत, लगाया सेवा शिविर
बाराद्वारी में श्रद्धालुओं को फल, बिस्कुट, शरबत व पानी वितरित, सेवा को बताया भारतीय संस्कृति की पहचान

कासगंज। सावन माह में शिवभक्त कांवड़ियों की सेवा एवं स्वागत के उद्देश्य से रविवार को जिला कांग्रेस कमेटी एवं शहर कांग्रेस कमेटी की ओर से शहर के बाराद्वारी क्षेत्र में सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न मार्गों से गुजर रहे कांवड़ियों का पुष्पवर्षा कर, पटका पहनाकर भव्य स्वागत किया गया तथा उन्हें फल, बिस्कुट, शरबत और पेयजल वितरित किया गया।
जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष मनोज पाण्डेय की अध्यक्षता में आयोजित सेवा शिविर में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने श्रद्धाभाव के साथ शिवभक्तों की सेवा की। यात्रा के दौरान कई कांवड़ियों ने शिविर में विश्राम कर जलपान ग्रहण किया और सेवा कार्य की सराहना की।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष मनोज पाण्डेय ने कहा कि सावन के पवित्र माह में भगवान शिव के भक्तों की सेवा करना सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि सेवा, सद्भाव और भाईचारे की भावना भारतीय संस्कृति की पहचान है तथा कांग्रेस कार्यकर्ता सदैव समाज के हर वर्ग की सेवा के लिए तत्पर रहते हैं।
शिविर में कार्यकर्ताओं ने कांवड़ियों की आवश्यकताओं का ध्यान रखते हुए उनकी सुरक्षित एवं मंगलमय यात्रा की कामना की। पूरे कार्यक्रम के दौरान श्रद्धा और उत्साह का माहौल बना रहा। राहगीरों ने भी इस सेवा कार्य की सराहना की। कांग्रेस पदाधिकारियों ने भविष्य में भी इसी प्रकार के जनसेवा कार्यक्रम लगातार आयोजित करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी सदस्य मुनेन्द्र पाल सिंह राजपूत, सत्यप्रकाश गुप्ता, विमल कुमार सिंह (कंट्रोल रूम प्रभारी), गुलफाम सिंह, दीप कुमार पाण्डेय, अली हसन सोहराब, नूर मोहम्मद नूरी, प्रतिभा सिंह, अर्चिका मिश्रा, शैल कुमारी, रजनी राठौर, मानसी ठाकुर, महक, गुंजन अग्रवाल, अभिषेक दुबे, रामरक्ष पाल सिंह, कमल गुप्ता, रूम सिंह, डॉ. देशबंधु, राजा सलमानी, रजनेश उपाध्याय, महेन्द्र सिंह लोधी, चमन टेलर, सब्बन मियां, पूजा यादव, विक्रम तथा अभिषेक डोली सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Author: Soron Live 24

