कासगंज पुलिस व एसओजी की संयुक्त कार्रवाई: मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी पशु चोर गिरफ्तार

कासगंज पुलिस व एसओजी की संयुक्त कार्रवाई: मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी अंतरजनपदीय पशु चोर गिरफ्तार

कासगंज। जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कासगंज पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने पुलिस मुठभेड़ के दौरान 25 हजार रुपये के इनामी अंतरजनपदीय पशु चोर रफीक बंजारा निवासी नदरई, कासगंज को गिरफ्तार किया है। अभियुक्त के कब्जे से चोरी की एक हीरो स्प्लेंडर प्रो मोटरसाइकिल, एक अवैध तमंचा (.315 बोर), दो जिंदा कारतूस एवं दो खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक ओ.पी. सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी नगर आंचल चौहान के नेतृत्व में थाना कासगंज पुलिस एवं एसओजी की टीम 30/31 जुलाई की रात संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर हजारा नहर पटरी स्थित ततारपुर मार्ग पर घेराबंदी की गई।

पुलिस के अनुसार, बाइक सवार संदिग्ध को रोकने का प्रयास किया गया तो उसने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में अभियुक्त के दाहिने पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे मौके पर गिरफ्तार कर तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा, जहां उसका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी स्थिति सामान्य है।

तलाशी के दौरान अभियुक्त के पास से अवैध तमंचा, कारतूस तथा चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई। इस संबंध में थाना कासगंज पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस जांच में सामने आया कि रफीक बंजारा अलीगढ़, एटा, आगरा, हाथरस और कासगंज सहित कई जनपदों में सक्रिय रहकर पशु चोरी एवं अन्य आपराधिक घटनाओं को अंजाम देता था। उसके विरुद्ध विभिन्न जनपदों में करीब 30 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। साथ ही अलीगढ़ जनपद के थाना टप्पल के दो मामलों में उस पर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित था।

बरामदगी

  • एक अवैध तमंचा (.315 बोर)
  • दो जिंदा कारतूस एवं दो खोखा कारतूस (.315 बोर)
  • चोरी की एक हीरो स्प्लेंडर प्रो मोटरसाइकिल (काला-हरा रंग)

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक जगदीश चन्द्र, स्वाट टीम प्रभारी रितेश कुमार सहित थाना कासगंज एवं एसओजी की संयुक्त टीम के पुलिसकर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Soron Live 24
Author: Soron Live 24

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *