कांवड़ यात्रा और कानून व्यवस्था को लेकर एसपी ओ.पी. सिंह ने की अपराध समीक्षा बैठक, उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मी हुए सम्मानित

कासगंज। पुलिस अधीक्षक ओ.पी. सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को पुलिस कार्यालय सभागार में मासिक अपराध समीक्षा बैठक एवं श्रावण मास की कांवड़ यात्रा को लेकर गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार, समस्त क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी एवं शाखा प्रभारी मौजूद रहे।
बैठक में पुलिस अधीक्षक ने श्रावण मास के दौरान कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ड्यूटी के दौरान सभी पुलिसकर्मी अनुशासन, शालीनता और सौम्य व्यवहार बनाए रखें। किसी भी प्रकार की अभद्रता या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
एसपी ने कांवड़ मार्ग पर श्रद्धालुओं की आस्था का सम्मान सुनिश्चित करने, होटल-ढाबा संचालकों एवं पेट्रोल पंप संचालकों से समन्वय स्थापित कर शासन के निर्देशों का पालन कराने तथा कांवड़ समितियों के साथ नियमित संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए।
बैठक में आईजीआरएस शिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, लंबित विवेचनाओं का शीघ्र निपटारा, वांछित एवं वारंटी अपराधियों की गिरफ्तारी, कुख्यात अपराधियों के सत्यापन, अवैध शराब, जुआ, सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
इसके अलावा बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पैदल गश्त बढ़ाने, अतिक्रमण हटाने, यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने, महिलाओं एवं बालिकाओं से जुड़े मामलों में प्रभावी विवेचना और शीघ्र सजा सुनिश्चित कराने, मालखानों के व्यवस्थित संचालन, लावारिस वाहनों के निस्तारण तथा ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने के निर्देश दिए गए।
आगामी त्योहारों को देखते हुए सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में धर्मगुरुओं एवं गणमान्य नागरिकों के साथ पीस कमेटी की बैठकें आयोजित करने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक के अंत में जनपद की पुलिस टीमों द्वारा किए गए उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्यों के लिए पुलिस अधीक्षक ओ.पी. सिंह ने संबंधित पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया तथा उनका उत्साहवर्धन किया।
Author: Soron Live 24

