पटियाली में ड्रग विभाग की बड़ी कार्रवाई: मेडिकल स्टोरों पर छापेमारी, दवाओं के सैंपल जांच को भेजे

कासगंज। जनपद कासगंज के कस्बा पटियाली में मंगलवार को ड्रग विभाग ने औचक छापेमारी कर मेडिकल स्टोरों की जांच की। ड्रग इंस्पेक्टर मोहित कुमार दीप के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के दौरान कई मेडिकल स्टोरों से दवाओं के नमूने (सैंपल) लेकर गुणवत्ता परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।
ड्रग विभाग की टीम के कस्बे में पहुंचते ही मेडिकल स्टोर संचालकों में हड़कंप मच गया। कार्रवाई की सूचना मिलते ही कई दुकानदारों ने अपनी दुकानों के शटर गिरा दिए, जबकि कुछ संचालक दुकानें बंद कर मौके से चले गए।
निरीक्षण के दौरान दवाओं की गुणवत्ता, वैध स्टॉक, लाइसेंस एवं औषधि बिक्री से संबंधित नियमों के अनुपालन की भी जांच की गई। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि लिए गए सैंपलों की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि किसी दवा में गुणवत्ता संबंधी कमी या नियमों का उल्लंघन पाया गया तो संबंधित मेडिकल स्टोर संचालकों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।
ड्रग विभाग की इस औचक कार्रवाई से पूरे कस्बे के मेडिकल कारोबारियों में दिनभर चर्चा का माहौल बना रहा। वहीं विभाग ने स्पष्ट किया कि जनहित में दवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और अवैध दवा कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए इस प्रकार की जांच आगे भी जारी रहेगी।
Author: Soron Live 24

