सोरों में होलिका माता मंदिर निर्माण के लिए 2.142 हेक्टेयर भूमि आवंटन की मांग, प्रभारी मंत्री को सौंपा ज्ञापन

सोरों (कासगंज)। होलिका बौद्धिक विकास समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. बी.डी. निषाद के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने उत्तर प्रदेश सरकार के प्रभारी मंत्री एवं कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी को ज्ञापन सौंपकर सोरों स्थित होलिका देवी की जन्म एवं बलिदान भूमि पर भव्य होलिका माता मंदिर निर्माण के लिए 2.142 हेक्टेयर भूमि संस्था के नाम आवंटित कराने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री को संस्था द्वारा प्रकाशित “होली पुराण” पुस्तक भी भेंट की। इस दौरान नारायण दत्त कश्यप, डॉ. बी.डी. निषाद, महेंद्र सिंह बघेल सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
ज्ञापन में कहा गया है कि सोरों की गाटा संख्या 687, 701, 702, 703 एवं 706 की कुल 2.142 हेक्टेयर भूमि पर होलिका माता का विशाल मंदिर बनाने के लिए संस्था पिछले चार वर्षों से प्रयासरत है। संस्था का कहना है कि उक्त भूमि वर्ष 2015 में अधिग्रहित कर पुलिस विभाग को हस्तांतरित कर दी गई थी, जबकि बाद में पुलिस लाइन अन्य स्थान पर स्थापित हो चुकी है। ऐसे में इस भूमि को पुनः राजस्व विभाग को हस्तांतरित कर होलिका माता मंदिर निर्माण के लिए संस्था को आवंटित किया जाए।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि इस संबंध में पर्यटन विभाग की ओर से पूर्व में भी पत्राचार और निर्देश जारी किए जा चुके हैं। संस्था का कहना है कि सोरों को होलिका देवी की जन्म एवं बलिदान स्थली माना जाता है तथा यहां भव्य मंदिर बनने से देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
प्रतिनिधिमंडल ने प्रभारी मंत्री से अनुरोध किया कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था को देखते हुए भूमि आवंटन की प्रक्रिया शीघ्र पूरी कराकर भव्य होलिका माता मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त कराया जाए। ज्ञापन के अनुसार मंदिर निर्माण से सोरों की धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी।
Author: Soron Live 24

