आज से एक्सप्रेस-वे पर दौड़ेंगी रोडवेज बसें, लखनऊ से कानपुर का सफर होगा और भी तेज

13 दिन बाद नियमित बस सेवा बहाल, आलमबाग बस टर्मिनल से सुबह 7 बजे से शुरू होगा संचालन
लखनऊ। लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस-वे पर सोमवार से उत्तर प्रदेश परिवहन निगम ने नियमित रोडवेज बस सेवा शुरू कर दी है। 13 दिनों के अंतराल के बाद शुरू हुई इस सेवा के तहत बसों का संचालन आलमबाग बस टर्मिनल से प्रतिदिन सुबह 7 बजे से किया जाएगा।
प्रथम चरण में साधारण श्रेणी की रोडवेज बसों को एक्सप्रेस-वे के रास्ते कानपुर के लिए रवाना किया जाएगा। इस मार्ग पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में बसों का संचालन होगा, जिससे यात्रियों को पहले की तुलना में कम समय में, सुरक्षित और अधिक सुविधाजनक यात्रा का अनुभव मिलेगा।
परिवहन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, एक्सप्रेस-वे पर बस संचालन को चरणबद्ध तरीके से विस्तार दिया जाएगा। आने वाले दिनों में जनरथ, एसी और अन्य श्रेणी की बसों को भी इसी मार्ग से संचालित करने की योजना है।
लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस-वे के उपयोग से दोनों शहरों के बीच आवागमन और अधिक सुगम होगा, जिससे रोजाना यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
Author: Soron Live 24

