कासगंज में ‘मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना’ का भव्य शुभारंभ, शिक्षकों को मिले डमी कैशलेस कार्ड

कासगंज। उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी ‘मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना’ का जिला स्तरीय शुभारंभ रविवार को कासगंज के श्री गणेश इंटर कॉलेज सभागार में भव्य समारोह के साथ किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगरा स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, खंदारी परिसर से आयोजित राज्य स्तरीय शुभारंभ कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी दिखाया गया।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री ने शिक्षक दिवस (5 सितंबर 2025) के अवसर पर उच्च शिक्षा विभाग के शिक्षकों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की घोषणा की थी। शासनादेश के अनुसार अब उच्च शिक्षा विभाग के अशासकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालयों, स्ववित्तपोषित मान्यता प्राप्त महाविद्यालयों तथा राज्य विश्वविद्यालयों में कार्यरत नियमित एवं स्ववित्तपोषित पाठ्यक्रमों के शिक्षकों एवं उनके आश्रितों को सरकारी और सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में भी कैशलेस उपचार की सुविधा मिलेगी। योजना का संचालन स्टेट एजेंसी फॉर कॉम्प्रिहेंसिव हेल्थ एंड इंटीग्रेटेड सर्विसेज (SACHIS) के माध्यम से किया जा रहा है।
कार्यक्रम का शुभारंभ एमएलसी रजनीकांत माहेश्वरी, सदर विधायक देवेंद्र सिंह राजपूत, मुख्य विकास अधिकारी वीरेंद्र सिंह तथा जिला विद्यालय निरीक्षक रजनेश कुमार ने मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया।
इस अवसर पर योजना के नोडल अधिकारी एवं राजकीय महाविद्यालय कासगंज के प्राचार्य प्रो. एस.के. रावत ने योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि यह योजना शिक्षकों और उनके परिवारों के लिए एक मजबूत स्वास्थ्य सुरक्षा कवच साबित होगी।
20 शिक्षकों को वितरित किए गए डमी कैशलेस कार्ड
कार्यक्रम के दौरान जिले के विभिन्न महाविद्यालयों के 20 शिक्षकों को मंच से ‘मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना’ के डमी कैशलेस कार्ड वितरित किए गए। लाभार्थियों में शारदा देवी जौहरी नगर पालिका कन्या महाविद्यालय, गंजडुंडवारा पीजी कॉलेज तथा के.ए. (पीजी) कॉलेज, कासगंज के शिक्षक-शिक्षिकाएं शामिल रहे।
एमएलसी रजनीकांत माहेश्वरी ने कहा कि प्रदेश की डबल इंजन सरकार शिक्षकों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने सभी शिक्षकों एवं उनके परिजनों से योजना का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने बताया कि इस योजना से उच्च शिक्षा विभाग के डेढ़ लाख से अधिक शिक्षक तथा साढ़े सात लाख से अधिक आश्रित स्वास्थ्य सुरक्षा के दायरे में आएंगे।
सदर विधायक देवेंद्र सिंह राजपूत ने कहा कि सरकार ने शिक्षकों के हित में अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना शिक्षकों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है, जिससे आवश्यकता के समय वे बिना आर्थिक चिंता के बेहतर इलाज करा सकेंगे। उन्होंने सरकार की विभिन्न उपलब्धियों पर भी प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। साथ ही शारदा देवी जौहरी नगर पालिका कन्या महाविद्यालय एवं के.ए. कॉलेज, कासगंज के एनसीसी एवं एनएसएस कैडेट्स को भी स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी वीरेंद्र सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक रजनेश कुमार, विज्ञान क्लब के जिला समन्वयक डॉ. जयंत गुप्ता, एबीवीपी के ध्रुव, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, शिक्षक, छात्र-छात्राएं, अभिभावक एवं प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन अभिषेक पांडे ने किया, जबकि आयोजन की व्यवस्थाओं में डॉ. के.जी. वार्ष्णेय, डॉ. महेंद्र कुमार एवं कैप्टन अभिषेक यादव का विशेष सहयोग रहा। अंत में योजना के नोडल अधिकारी एवं प्राचार्य प्रो. एस.के. रावत ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया।
Author: Soron Live 24

