कांवड़ यात्रा की तैयारियों का डीएम-एसपी ने लिया जायजा, लहरा गंगा घाट पर सुरक्षा व्यवस्था का किया निरीक्षण

श्रावण मास से पहले प्रशासन अलर्ट, सुरक्षा, स्वास्थ्य, सफाई और यातायात व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
कासगंज। आगामी श्रावण मास में आयोजित होने वाली कांवड़ यात्रा को सकुशल, शांतिपूर्ण और सुरक्षित संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को जिलाधिकारी प्रणय सिंह और पुलिस अधीक्षक ओ.पी. सिंह ने कांवड़ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा की। अधिकारियों ने थाना सोरों क्षेत्र के लहरा गंगा घाट एवं कांवड़ रूट मार्ग का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा ड्यूटी में लगे कर्मियों और स्थानीय व्यवस्थापकों से बातचीत कर आवश्यक जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कांवड़ यात्रा के दौरान संभावित समस्याओं पर चर्चा करते हुए संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों को दिए गए प्रमुख निर्देश
- लहरा गंगा घाट पर पर्याप्त पुलिस बल, पीएसी एवं गोताखोरों की तैनाती सुनिश्चित की जाए।
- सीसीटीवी कैमरे एवं पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था की जाए।
- स्नान क्षेत्र की बैरिकेडिंग कर सुरक्षित क्षेत्र चिन्हित किया जाए तथा गहरे पानी वाले स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं।
- अस्थायी स्वास्थ्य शिविर, एंबुलेंस, पेयजल, शौचालय और प्रकाश व्यवस्था समय से उपलब्ध कराई जाए।
- घाट और कांवड़ मार्ग पर नियमित साफ-सफाई कर कूड़ेदानों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
- कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रभावी रूट डायवर्जन प्लान लागू किया जाए।
निरीक्षण के दौरान प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे तथा सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।
Author: Soron Live 24

