कांवड़ यात्रा-2026 को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

सुरक्षा, चिकित्सा, बिजली, स्वच्छता और यातायात व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के आदेश, भंडारा शिविरों में सीसीटीवी व डस्टबिन होंगे अनिवार्य
कासगंज, 23 जुलाई। आगामी कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी प्रणय सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, चिकित्सा, विद्युत एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले सभी तैयारियां हर हाल में पूरी कर ली जाएं। उन्होंने यात्रा मार्गों पर स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, यातायात नियंत्रण और सुरक्षा के समुचित प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
डीएम ने निर्देश दिए कि सभी भंडारा शिविरों में सीसीटीवी कैमरे और डस्टबिन की व्यवस्था अनिवार्य रूप से की जाए। साथ ही यात्रा मार्गों पर कहीं भी जलभराव न हो तथा निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा, “कांवड़ भरने वाले हमारे अतिथि हैं, उनका दिल से स्वागत एवं सम्मान किया जाए।”
उन्होंने यात्रा मार्गों और प्रमुख पड़ावों पर पर्याप्त संख्या में मेडिकल कैंप स्थापित करने, चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ, आवश्यक दवाइयों और एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को तत्काल चिकित्सा सहायता मिल सके।
जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों एवं अधिशासी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का स्वयं निरीक्षण करने के निर्देश देते हुए स्पष्ट कहा कि तैयारियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी वीरेन्द्र सिंह, अपर जिलाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक, समस्त उप जिलाधिकारी, समस्त क्षेत्राधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी, खंड विकास अधिकारी, अधिशासी अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
Author: Soron Live 24

