खून से लिखा पत्र लेकर एडीएम न्यायिक को सौंपी शिकायत, कार्रवाई न होने पर मुख्यमंत्री कार्यालय के बाहर आत्मदाह की चेतावनी
सोरों में मारपीट और लूट के मामले में पीड़ितों का आरोप—100 लोगों ने किया हमला, निष्पक्ष जांच और गिरफ्तारी की उठाई मांग।

कासगंज। जनपद कासगंज के तीर्थ नगरी सोरों में कथित मारपीट और लूट की घटना को लेकर पीड़ित पक्ष ने खून से लिखा प्रार्थना पत्र जिलाधिकारी (डीएम) कासगंज को सौंपकर मामले में शीघ्र कार्रवाई की मांग की। पीड़ितों का आरोप है कि घटना के कई दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की है।
सुनील कुमार गुप्ता आदि द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र के अनुसार, 18 जुलाई 2026 की रात करीब 11:30 बजे बस स्टैंड के सामने मोहल्ला संख्या 234 व 235 के पास विनीत, विवेक पुत्र निम्मन, शिवम, अभय, अर्जुन, मनोज, हेमंत, गुड्डा सहित करीब 100 लोगों ने उन पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने उनके साथ मारपीट की तथा करीब 1.5 लाख रुपये की नकदी और सोने की चेन लूट ली।
पीड़ितों का कहना है कि घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई और रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई, लेकिन अब तक किसी भी आरोपी के विरुद्ध ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका यह भी आरोप है कि घटना की सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध होने के बावजूद उन्हें नहीं दिखाई जा रही है।
इसी के विरोध में पीड़ितों ने खून से लिखा प्रार्थना पत्र अपर जिलाधिकारी को सौंपते हुए मामले की निष्पक्ष जांच, सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा न्याय दिलाने की मांग की। पत्र में यह भी चेतावनी दी गई है कि यदि उनकी शिकायत पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे मुख्यमंत्री कार्यालय, लखनऊ के बाहर आत्मदाह करने को विवश होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
शिकायत सौंपने के दौरान सुनील कुमार गुप्ता, शिवम गुप्ता सहित अन्य पीड़ित मौजूद रहे। सभी ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की।
Author: Soron Live 24

