कांवड़ यात्रा को लेकर पीस कमेटी की बैठक, शांतिपूर्ण आयोजन के लिए प्रशासन ने मांगे सुझाव

कांवड़ यात्रा को लेकर पीस कमेटी की बैठक, शांतिपूर्ण आयोजन के लिए प्रशासन ने मांगे सुझाव

कासगंज। आगामी श्रावण मास में निकलने वाली कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को थाना कोतवाली कासगंज परिसर में क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों तथा सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर अपने सुझाव दिए।

बैठक में होटल एवं पेट्रोल पंप संचालकों, डीजे संचालकों, कांवड़ सेवा समिति के सदस्यों, मीट विक्रेताओं, कांवड़ मार्ग पर स्थित मस्जिदों के मौलवियों, ग्राम प्रधानों, चौकीदारों, नगर के व्यापारियों तथा कांवड़ मार्ग पर शिविर लगाने वाले लोगों की सहभागिता रही। अधिकारियों ने सभी पक्षों से सुझाव लेकर विगत वर्षों में कांवड़ यात्रा के दौरान सामने आई समस्याओं एवं उनके समाधान पर विस्तार से चर्चा की।

अधिकारियों ने संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण करने पर बल दिया। बैठक में नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी, विद्युत विभाग के जूनियर इंजीनियर तथा तहसीलदार सदर भी मौजूद रहे। विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याओं के निस्तारण के लिए आवश्यक पत्राचार किए जाने की जानकारी भी दी गई।

प्रभारी निरीक्षक जगदीश चंद्र ने सभी उपस्थित लोगों से कांवड़ यात्रा के दौरान आपसी भाईचारा एवं सौहार्द बनाए रखने, प्रशासन का सहयोग करने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से ही कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई जा सकेगी।

Soron Live 24
Author: Soron Live 24

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *