अलीगढ़ से उड़ान भरने वाला ट्रेनिंग विमान कासगंज में दुर्घटनाग्रस्त, प्रशिक्षु महिला पायलट घायल
पुलिस लाइन के पास खेत में गिरा टू-सीटर एयरक्राफ्ट, हाईटेंशन लाइन से टकराने की आशंका; पुलिस-प्रशासन और बचाव दल मौके पर पहुंचा

कासगंज। जनपद मुख्यालय स्थित पुलिस लाइन के समीप सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब अलीगढ़ एयरपोर्ट से प्रशिक्षण उड़ान पर निकला एक टू-सीटर ट्रेनिंग विमान अचानक दुर्घटनाग्रस्त होकर खेत में गिर गया। हादसे में विमान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि प्रशिक्षण ले रही महिला पायलट घायल हो गई। उसे तत्काल एंबुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उपचार जारी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विमान खेत में गिरने से पहले हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आ गया, जिससे बिजली का तार भी टूट गया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। पुलिस, प्रशासन, विद्युत विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया तथा पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विमान अचानक नीचे आता दिखाई दिया और कुछ ही क्षणों में खेत में गिर गया। फिलहाल दुर्घटना के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों का खुलासा जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
Author: Soron Live 24

