लखनऊ अग्निकांड के बाद कासगंज में सुरक्षा जांच अभियान तेज

लखनऊ अग्निकांड के बाद कासगंज में सुरक्षा जांच अभियान तेज

कोचिंग सेंटरों और पुस्तकालयों का औचक निरीक्षण, सुरक्षा मानकों में लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी

 

कासगंज। लखनऊ में हाल ही में हुई अग्निकांड की घटना के बाद जनपद कासगंज में छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में जिलाधिकारी प्रणय सिंह और पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह ने मंगलवार को नगर के डीपीआर क्लासेस कोचिंग सेंटर एवं सामर्थ्य पुस्तकालय का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता और उनकी कार्यशीलता, आपातकालीन निकास मार्ग, विद्युत फिटिंग, सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था तथा निर्धारित क्षमता के अनुरूप संचालन की स्थिति की गहन जांच की। संचालकों को निर्देश दिए गए कि विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और सभी सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कोचिंग सेंटरों और पुस्तकालयों में फायर सेफ्टी उपकरण हर समय क्रियाशील अवस्था में होने चाहिए तथा कर्मचारियों को इनके उपयोग का प्रशिक्षण भी दिया जाए। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने, आपात स्थिति में त्वरित सूचना देने तथा भीड़ प्रबंधन के प्रभावी इंतजाम करने के निर्देश दिए गए।

तीनों तहसीलों में 8 टीमें कर रहीं निरीक्षण

जनपद की तीनों तहसीलों में गठित आठ टीमें कोचिंग संस्थानों एवं पुस्तकालयों का लगातार निरीक्षण कर रही हैं। प्रशासन का कहना है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी पाए जाने पर संबंधित संस्थानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान तहसीलदार एवं जिला विद्यालय निरीक्षक सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

Soron Live 24
Author: Soron Live 24

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *