रात में अचानक थाने पहुंचे एसपी ओ.पी. सिंह, ड्यूटी और अभिलेखों की ली गहन पड़ताल

गंजडुंडवारा थाने का निरीक्षण करते एसपी कासगंज
कासगंज। (लेखक सचिन उपाध्याय) पुलिस अधीक्षक ओ.पी. सिंह ने बुधवार देर रात थाना गंजडुण्डवारा का आकस्मिक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्था की हकीकत परखी। रात्रि के समय अचानक थाने पहुंचकर एसपी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की कार्यप्रणाली की जांच की और थाना अभिलेखों का गहन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने अभिलेखों में पाई गई कमियों को तत्काल दूर करने, रिकॉर्ड को अद्यतन रखने तथा थाना परिसर में बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने रात्रि ड्यूटी की भी जांच कर पुलिसकर्मियों को सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की हिदायत दी।
इसके बाद एसपी ने थाना क्षेत्र के ग्राम बहारपुर से संबंधित मुकदमे की समीक्षा करते हुए गठित पुलिस टीमों के साथ बैठक की। उन्होंने मामले की प्रगति की जानकारी ली और प्रभावी कार्रवाई के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसपी ओ.पी. सिंह की यह सक्रिय कार्यशैली पुलिस महकमे में अनुशासन और जवाबदेही को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। देर रात स्वयं थाने पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लेने से पुलिसकर्मियों में भी सतर्कता का संदेश गया है।
इस दौरान क्षेत्राधिकारी पटियाली अमित कुमार, प्रभारी निरीक्षक राधेश्याम सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
Author: Soron Live 24

