सोमवती अमावस्या पर आस्था का महा सैलाब: सोरों हरि की पौड़ी में लाखों श्रद्धालुओं ने लगाई पुण्य की डुबकी

सोमवती अमावस्या पर आस्था का महासैलाब: हरि की पौड़ी में लाखों श्रद्धालुओं ने लगाई पुण्य की डुबकी

oplus_2

गंगा स्नान, दान-पुण्य और मंदिरों में दर्शन-पूजन का रहा उल्लास, तीर्थनगरी दिनभर रही भक्तिमय

सोरोंजी (कासगंज)। (सचिन उपाध्याय/रवि श्रोतीय) द्वितीय ज्येष्ठ मास की सोमवती अमावस्या पर तीर्थनगरी सोरों शूकरक्षेत्र में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। हरि की पौड़ी सहित विभिन्न घाटों पर लाखों श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित किया। राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात, दिल्ली समेत उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से श्रद्धालु एक दिन पूर्व ही सोरों पहुंच गए थे।
सोमवार तड़के ब्रह्ममुहूर्त से ही “हर-हर गंगे” और “जय मां गंगे” के जयघोष के बीच श्रद्धालुओं ने हरि की पौड़ी एवं लहरा घाट पर गंगा स्नान किया। स्नान से पूर्व अनेक श्रद्धालुओं ने मुंडन संस्कार कराकर अपने पूर्वजों की आत्मशांति के लिए तीर्थ पुरोहितों से विधि-विधान पूर्वक पूजन-अनुष्ठान कराया। श्रद्धालुओं ने दान-दक्षिणा देकर हरि की पौड़ी की परिक्रमा की तथा गरीब एवं जरूरतमंद लोगों को वस्त्र, अन्न और अन्य सामग्री का दान भी किया।
गंगा स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने क्षेत्राधीश भगवान वराह के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। कई श्रद्धालुओं ने मां गंगा का दुग्धाभिषेक कर पैरावनी भी की। महिलाओं ने अखंड सौभाग्य की कामना के साथ वट वृक्ष की पूजा-अर्चना कर अपने पतियों की दीर्घायु का व्रत रखा।
श्रद्धालुओं ने वराह मंदिर के अलावा बालाजी दरबार, रघुनाथजी मंदिर, सोमेश्वर महादेव, सिद्ध हनुमान मंदिर, द्वारिकाधीश मंदिर, मानस मंदिर, शनि मंदिर, सिद्ध विनायक, राधा-कृष्ण मंदिर, गंगा माता मंदिर तथा पंचमहाशक्ति मंदिरों में भी दर्शन-पूजन किया।
गंगा तट पर लगे मेले में श्रद्धालुओं ने गंगाजली, प्रसाद, देवी-देवताओं की तस्वीरें तथा अन्य घरेलू उपयोग की वस्तुओं की खरीदारी की। वहीं योगमार्ग स्थित विभिन्न संतों के आश्रमों में भी श्रद्धालुओं की भीड़ रही, जहां अन्नक्षेत्र और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
नगर पालिका प्रशासन द्वारा मेला ग्राउंड में वाहनों की पार्किंग व्यवस्था कराई गई तथा खोया-पाया केंद्र स्थापित कर श्रद्धालुओं की सहायता की गई।

जाम में फंसी आस्था: कछला से कासगंज तक वाहनों की लंबी कतारें
यातायात व्यवस्था चरमराई, कई घंटे तक रेंगते रहे वाहन

 


सोमवती अमावस्या पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के चलते यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित रही। कछला से सोरोंजी और कासगंज तक कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। वाहनों की लंबी कतारों के कारण श्रद्धालुओं को घंटों तक सड़क पर परेशान होना पड़ा।
सोरोंजी से कासगंज तक का सामान्य सफर कई घंटे में पूरा हो सका। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें प्रशासनिक तैयारियों पर सवाल खड़े करती नजर आईं। जाम के कारण दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा।

Soron Live 24
Author: Soron Live 24

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *