कासगंज से अखिलेश का हुंकार: 2027 में बनेगी पीडीए सरकार, भाजपा का होगा सफाया उर्मिला गार्डन उद्घाटन समारोह में सपा प्रमुख ने योगी सरकार पर बोला हमला, भाजपा छोड़ कई नेताओं ने थामा सपा का दामन

कासगंज से अखिलेश का हुंकार: 2027 में बनेगी पीडीए सरकार, भाजपा का होगा सफाया

उर्मिला गार्डन उद्घाटन समारोह में सपा प्रमुख ने योगी सरकार पर बोला हमला, भाजपा छोड़ कई नेताओं ने थामा सपा का दामन

 

सभा को संबोधित करते सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव

मंचासीन सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव एवं अन्य सपाई
कार्यक्रम में मौजूद सपा कार्यकर्ता

कासगंज।( सचिन उपाध्याय/रवि श्रोतीय) समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को कासगंज में पूर्व सांसद देवेंद्र सिंह यादव के व्यापारिक प्रतिष्ठान उर्मिला गार्डन के उद्घाटन समारोह में पहुंचकर भाजपा और योगी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने एटा और कासगंज के सपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को एकजुट रहने का संदेश देते हुए कहा कि वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश में पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) की सरकार बनने जा रही है।

अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश की जनता महंगी बिजली, पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस और किसानों की समस्याओं से परेशान है। भाजपा सरकार जनहित के मुद्दों पर पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने दावा किया कि लोकसभा चुनाव में जनता ने भाजपा को करारा जवाब दिया था और 2027 के विधानसभा चुनाव में भी जनता पीडीए के पक्ष में मतदान कर सपा सरकार बनाएगी।

सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि भाजपा पीडीए की बढ़ती ताकत से घबराई हुई है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार बनने पर कथित फर्जी एनकाउंटरों की जांच कराई जाएगी और दोषियों को जवाबदेह बनाया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि सभी लोग एकजुट होकर चुनाव की तैयारी में जुट जाएं।

अखिलेश यादव ने कहा कि पीडीए सरकार बनने पर गरीब परिवारों को मुफ्त बिजली, मुफ्त इलाज, मेधावी छात्रों को लैपटॉप तथा गरीब महिलाओं को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी जनता से किए गए वादों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम के दौरान भाजपा छोड़कर कई नेताओं ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इससे सपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

समारोह में सपा सांसद देवेश शाक्य पूर्व केंद्रीय मंत्री सलीम इकबाल शेरवानी, जुगेंद्र सिंह यादव, सपा जिलाध्यक्ष विक्रम सिंह यादव, जितेंद्र यादव, हरिओम शर्मा, ब्रजेंद्र सिंह गौर, पटियाली विधायक नादिरा सुल्तान, नफीस कलिया, शैलेश यादव, जाहिदा सुल्तान, नाशी खान, अब्दुल हफीज गांधी, कैलाश कटारे, कृष्ण मुरारी वशिष्ठ, गोपाल भारद्वाज, रेशु जौहरी, सीटू यादव, प्रतीक शर्मा,टीटू यादव, जीनत खान, हसरत उल्ला शेरवानी, बृजेश पहलवान, शाहरुख राज , निसार अहमद सहित बड़ी संख्या में सपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

फोटो कैप्शन: कासगंज स्थित उर्मिला गार्डन के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव।

Soron Live 24
Author: Soron Live 24

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *