यूपी में मौसम का बड़ा अलर्ट: 58 जिलों में आंधी-बारिश की चेतावनी, 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने करवट ले ली है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने 12 जून को प्रदेश के 58 जिलों में आंधी, बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। कई क्षेत्रों में 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने विभिन्न जिलों के लिए ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी यूपी के नोएडा, गाजियाबाद, आगरा, मथुरा, अलीगढ़, हाथरस और फिरोजाबाद समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि कुछ स्थानों पर तेज बारिश और आंधी की भी संभावना है। वहीं एटा, कासगंज, मैनपुरी, अयोध्या, अमेठी और सुल्तानपुर सहित कई जिलों में भी बारिश के आसार हैं।
आईएमडी ने बताया कि मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और इसके प्रभाव से उत्तर भारत के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। अगले 24 घंटे प्रदेश के कई हिस्सों के लिए महत्वपूर्ण रहेंगे। तेज हवाओं, वज्रपात और स्थानीय स्तर पर जलभराव की स्थिति भी बन सकती है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि बारिश से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलेगी, लेकिन खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतना जरूरी है। लोगों को घर से निकलने से पहले मौसम की जानकारी लेने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।
कासगंज, एटा, मैनपुरी सहित आसपास के जिलों में भी बारिश और तेज हवाओं को लेकर सतर्क रहने की अपील की गई है। :::
#weatherupdate
Author: Soron Live 24

