सोरों रामलीला समिति के अध्यक्ष बने मोहित तिवारी, महामंत्री की जिम्मेदारी आकाश तिवारी को
रामलीला महोत्सव 2026 की तैयारियां शुरू, नई कार्यकारिणी का हुआ गठन

कासगंज/सोरों। (सचिन उपाध्याय/रवि श्रोतीय)तीर्थ नगरी सोरों शूकर क्षेत्र में बुधवार शाम हरि की पैड़ी स्थित गायत्री माता मंदिर एवं परशुराम मंदिर के निकट श्री गोस्वामी तुलसीदास रामलीला समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता गंगा सभा अध्यक्ष कैलाश चन्द्र कटारे ने की। बैठक में सर्वसम्मति से वर्ष 2026 के रामलीला महोत्सव के सफल आयोजन के लिए नई कार्यकारिणी का गठन किया गया।
बैठक में मोहित तिवारी को अध्यक्ष, आकाश निभेरिया को सह अध्यक्ष, आकाश तिवारी को महामंत्री, सोनू बौहरे को कोषाध्यक्ष तथा जितेंद्र सेनी को सह कोषाध्यक्ष चुना गया। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि आगामी दिनों में कार्यकारिणी का विस्तार कर अन्य सदस्यों को भी जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष मोहित तिवारी ने कहा कि समिति द्वारा वर्षों से चली आ रही रामलीला की गौरवशाली परंपरा को और अधिक भव्य एवं आकर्षक स्वरूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी पदाधिकारियों और नगरवासियों के सहयोग से वर्ष 2026 का रामलीला महोत्सव यादगार बनाया जाएगा।
वहीं गंगा सभा अध्यक्ष कैलाश चन्द्र कटारे ने नवगठित कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रामलीला केवल धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि भारतीय संस्कृति और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नई टीम पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ आयोजन को सफल बनाएगी।
बैठक में अश्वनी चौधरी, नीतेश मेधावी, सौरभ पचौरी, ललित मोहन तिवारी, अनुज दुबे, सार्थक मिश्रा, दीपु बौहरे, शिव कुमार कटारे, भरत त्रिगुणायत, नितिन निर्भय, पवन चरोरे, सत्यकाम पाठक विष्णु चौधरी,रिंकू तिवारी,सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। #kasganj #soronnews
Author: Soron Live 24

