ग्रेट निकोबार परियोजना के विरोध में कांग्रेस का हस्ताक्षर अभियान शुरू
पर्यावरण संरक्षण और जनजातीय अधिकारों की रक्षा के लिए जनसमर्थन जुटाने का आह्वान

कासगंज। जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को गांधी मूर्ति स्थल पर ग्रेट निकोबार द्वीप में प्रस्तावित परियोजना के विरोध में हस्ताक्षर अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान के माध्यम से कांग्रेस नेताओं ने आमजन को परियोजना के संभावित पर्यावरणीय और सामाजिक प्रभावों की जानकारी देते हुए समर्थन देने की अपील की।
जिलाध्यक्ष मनोज पाण्डेय ने बताया कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के आह्वान पर ग्रेट निकोबार द्वीप के लगभग 161 वर्ग किलोमीटर वन क्षेत्र को बचाने के लिए देशव्यापी अभियान चलाया जा रहा है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार 8 जून से 15 जून 2026 तक हस्ताक्षर अभियान संचालित किया जाएगा। अभियान के दौरान एकत्रित हस्ताक्षरों को महामहिम राष्ट्रपति के माध्यम से केंद्र सरकार तक पहुंचाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रस्तावित परियोजना से पर्यावरण एवं जैव विविधता को गंभीर क्षति पहुंचने की आशंका है। इसके तहत लगभग 1.5 करोड़ पेड़ों की कटाई और वर्षा वनों के बड़े हिस्से के नष्ट होने का अनुमान है, जिससे दुर्लभ वन्यजीवों और प्राकृतिक संसाधनों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। साथ ही वहां निवासरत जनजातीय समुदायों की संस्कृति, परंपराओं और जीवनशैली पर भी खतरा उत्पन्न हो सकता है।
कांग्रेस नेताओं ने पर्यावरण संरक्षण तथा आदिवासी समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए अधिक से अधिक लोगों से अभियान से जुड़ने की अपील की।
इस अवसर पर डॉ. धर्मेन्द्र लोधी, मुनेन्द्र पाल सिंह राजपूत, झम्मन सिंह लोधी, गुलफाम सिंह, हजारीलाल, साजिल मियां, प्रतिभा सिंह, जलीसा बेगम, दीपू पाण्डेय, राजा सलमानी, विमल कुमार सिंह, अभिषेक दुबे, अनिल कुमार, सोनू, राजेन्द्र सिंह सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Author: Soron Live 24

