आरक्षी भर्ती परीक्षा को नकलविहीन बनाने के लिए डीएम-एसपी ने परीक्षा केंद्रों का किया सघन निरीक्षण

कासगंज। उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती की लिखित परीक्षा को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी प्रणय सिंह एवं पुलिस अधीक्षक ओ.पी. सिंह ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का संयुक्त निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने अभ्यर्थियों के प्रवेश के लिए त्रिस्तरीय जांच व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन तथा केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों को परीक्षा प्रक्रिया को पूरी निष्पक्षता और सतर्कता के साथ संपन्न कराने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों, कंट्रोल रूम एवं स्ट्रांग रूम में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की जांच करते हुए परीक्षा अवधि के दौरान प्रत्येक गतिविधि पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही बिजली, पेयजल एवं बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप परीक्षा को पूरी शुचिता और पारदर्शिता के साथ संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में स्टेटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं पुलिस बल तैनात किया गया है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। सोशल मीडिया सेल एवं खुफिया तंत्र को सक्रिय कर संदिग्ध गतिविधियों और परीक्षा में गड़बड़ी फैलाने वालों पर नजर रखी जा रही है। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस टीमें भी तैनात हैं।
निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों से पूरी जिम्मेदारी, सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
Author: Soron Live 24

