सोमवती अमावस्या की तैयारियों को लेकर युवाओं ने उठाई आवाज, श्रद्धालुओं की सुविधाओं हेतु सौंपा ज्ञापन
पेयजल, प्रकाश, पार्किंग, मेडिकल कैंप और सीसीटीवी समेत 11 मांगों को लेकर अधिशासी अधिकारी से की व्यवस्थाएं दुरुस्त करने की मांग

सोरों (कासगंज)। तीर्थ नगरी सोरों में आगामी सोमवती अमावस्या पर्व पर लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए स्थानीय युवाओं ने श्रद्धालुओं की सुविधाओं एवं सुरक्षा को लेकर नगर पालिका प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया। मंगलवार को युवाओं ने अधिशासी अधिकारी हर्षिता देवड़ा को ज्ञापन सौंपकर पर्व के दौरान आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि सोमवती अमावस्या पर देश के विभिन्न राज्यों से लाखों श्रद्धालु तीर्थ नगरी सोरों पहुंचकर गंगा स्नान, पितरों का पिंडदान एवं धार्मिक अनुष्ठान करते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े, इसके लिए नगर पालिका द्वारा समय रहते व्यापक तैयारियां की जानी चाहिए।
ज्ञापन में प्रमुख रूप से शहर में जगह-जगह शीतल पेयजल प्याऊ, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, बेहतर सफाई व्यवस्था, मेला ग्राउंड में पार्किंग सुविधा, पार्किंग स्थल पर टेंट, प्रकाश एवं पेयजल की व्यवस्था, खराब पड़े ठंडे पानी के चिलरों की मरम्मत, हरिपदी कुंड में जलापूर्ति, अस्थायी मेडिकल कैंप, श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे तथा हरिपदी घाटों पर अतिरिक्त सफाई कर्मचारियों की तैनाती की मांग की गई।
ज्ञापन में कहा गया कि इन व्यवस्थाओं के बेहतर होने से तीर्थ नगरी में आने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी तथा सोरों की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान भी और मजबूत होगी।
इस दौरान अंशुल भारद्वाज, अभिषेक वशिष्ठ, राधेश्याम फर्सेवार, गोविन्द तिवारी, सत्यम चतुर्वेदी, ललित गुप्ता, सिद्धार्थ फर्सेवार और राधारमण महेरे सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
फोटो कैप्शन: सोमवती अमावस्या पर्व की व्यवस्थाओं को लेकर अधिशासी अधिकारी हर्षिता देवड़ा को ज्ञापन सौंपते युवा एवं सामाजिक कार्यकर्ता।
Author: Soron Live 24

