बेकाबू कार की टक्कर से महिला पार्षद की मौत, सड़क किनारे बस का कर रही थीं इंतजार

कासगंज। कासगंज-ढोलना मार्ग पर रविवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में अलीगढ़ की एक महिला पार्षद की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, कासगंज की ओर से आ रही टीवीएस बाइक (UP87C0810) को चला रहे राकेश पुत्र हरिसिंह निवासी नोपति थाना सहावर अपनी पत्नी और बच्ची के साथ जा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने बाइक को गांव इसेपुर की ओर मोड़ने का प्रयास किया। तभी सामने से आ रही टाटा पंच कार (UP87V7659) अनियंत्रित होकर सड़क किनारे जा पहुंची और वहां बस का इंतजार कर रही महिला को टक्कर मार दी।
हादसे में हितेश कुमारी पत्नी शिवकुमार निवासी नारोला जाफराबाद, थाना बन्ना देवी, अलीगढ़ की मौके पर ही मौत हो गई। बताया गया कि वह वर्तमान में अलीगढ़ के बरोला क्षेत्र से पार्षद थीं। वह अपने मायके गांव इसेपुर आई हुई थीं और बाजार जाने के लिए सड़क किनारे बस का इंतजार कर रही थीं। महिला गर्भवती थीं तथा उनके तीन पुत्रियां हैं।
सूचना मिलने पर ढोलना पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया। थाना प्रभारी जगदीश चंद्र ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
#kasganjpolice #accidentnews #dholana
Author: Soron Live 24

