ज्येष्ठ पूर्णिमा पर सोरों हरि की पैड़ी में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
सैकड़ों श्रद्धालुओं ने आदि गंगा में लगाई आस्था की डुबकी, दान-पुण्य कर मां गंगा का लिया आशीर्वाद
सोरों (कासगंज)। (सचिन उपाध्याय /रवि श्रोतीय) ज्येष्ठ मास की पूर्णिमा एवं पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर रविवार को तीर्थ नगरी सोरों शूकरक्षेत्र स्थित हरि की पैड़ी (आदि गंगा) में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। राजस्थान, मध्य प्रदेश, दिल्ली तथा उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से पहुंचे सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रातःकाल से ही गंगा स्नान कर दान-पुण्य किया तथा मां गंगा और भगवान वराह के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

रविवार सुबह लगभग पांच बजे से ही श्रद्धालुओं का हरि की पैड़ी पर पहुंचना शुरू हो गया। श्रद्धालुओं ने पश्चिमी तट पर स्नान कर धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किए तथा हरि की पैड़ी की परिक्रमा लगाई। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने अपने बच्चों के मुंडन संस्कार भी कराए।
पूर्णिमा के अवसर पर तीर्थ नगरी के विभिन्न आश्रमों एवं धर्मशालाओं में भंडारों का आयोजन किया गया, जहां श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरे समय मुस्तैद रहा और हरि की पैड़ी सहित प्रमुख स्थलों पर पुलिस बल तैनात किया गया।
वहीं, सोरों नगर पालिका परिषद ने भी श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विशेष सफाई अभियान चलाया तथा गंगा घाटों पर पेयजल की वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित कराई।
गंगा मंदिर के पुजारी कालीचरण माफीदार ने बताया कि ज्येष्ठ पूर्णिमा एवं पुरुषोत्तम मास में गंगा स्नान और दान-पुण्य का विशेष महत्व है। इस दिन मां गंगा में स्नान करने से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं, भगवान वराह एवं मां गंगा की कृपा प्राप्त होती है तथा पूर्वजों का आशीर्वाद भी मिलता है। उन्होंने बताया कि रविवार को सैकड़ों श्रद्धालुओं ने आदि गंगा में स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
Author: Soron Live 24

