11 हजार वोल्ट लाइन की चपेट में आने से युवक की दर्दनाक मौत
ट्रैक्टर से खेत की लेवलिंग कर लौट रहे युवक के साथ हुआ हादसा, ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लगाया लापरवाही का आरोप

सोरों/कासगंज। सोरों थाना क्षेत्र के ग्राम नगला भम्मा के पास शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग की लापरवाही को हादसे का कारण बताते हुए कार्रवाई और मुआवजे की मांग की है।
जानकारी के अनुसार ग्राम चंदवा निवासी रायसिंह (24) पुत्र कल्लू ट्रैक्टर के माध्यम से खेतों की कंप्यूटराइज्ड लेवलिंग का कार्य करते थे। मंगलवार सुबह वह एक किसान के खेत में लेवलिंग का कार्य पूरा कर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम नगला भम्मा के पास रास्ते में ट्रैक्टर ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तार के ट्रैक्टर से टच होते ही तेज करंट दौड़ गया और रायसिंह उसकी चपेट में आ गए। घटना को देखकर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर दौड़े, लेकिन बिजली आपूर्ति चालू होने के कारण तत्काल राहत नहीं मिल सकी। बाद में ग्रामीणों ने लकड़ी और मिट्टी की सहायता से युवक को बिजली लाइन से अलग किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
लंबे समय से नीचे लटक रही थीं बिजली की तारें
ग्रामीणों और परिजनों का आरोप है कि क्षेत्र में हाईटेंशन लाइन के तार लंबे समय से नीचे लटक रहे थे। इसकी शिकायत कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों से की गई, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते तारों को ठीक कराया गया होता तो यह हादसा टाला जा सकता था।
मौके पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही सोरों पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की। वहीं ग्रामीणों ने दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई तथा मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता और उचित मुआवजा दिए जाने की मांग की है।
युवा की असमय मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
Author: Soron Live 24

