नालियां चौक, सड़कों पर बह रहा गंदा पानी, स्थानीय लोग परेशान
नगर पालिका से चंद दूरी पर फैली गंदगी, सफाई व्यवस्था पर उठे सवाल

सोरों। तीर्थ नगरी सोरों के वार्ड नंबर 7 और वार्ड नंबर 11 में कोतवाली के पीछे सड़क पर नालियों का गंदा पानी बहने से स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र में नालियां चौक होने के कारण सड़कों पर जलभराव और बदबू का माहौल बना हुआ है। जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे होने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि लंबे समय से सफाई कर्मी क्षेत्र में नहीं पहुंच रहे हैं, जिससे हालात लगातार खराब होते जा रहे हैं। लोगों को आने-जाने में दिक्कतों के साथ-साथ संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बना हुआ है।
स्थानीय निवासी दीपक साहू ने नगर पालिका पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि नगर पालिका कार्यालय से करीब 300 मीटर की दूरी पर यह स्थिति बनी हुई है, लेकिन इसके बावजूद अधिकारी और कर्मचारी समस्या की ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि कई बार शिकायत के बाद भी सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ।
क्षेत्रवासियों ने नगर पालिका प्रशासन से जल्द सफाई कराकर नालियों की व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है।
Author: Soron Live 24

