सोरों में भक्ति की बही सरिता: भव्य कलश यात्रा के साथ श्रीराम कथा का शुभारंभ

सोरों में भक्ति की बही सरिता: भव्य कलश यात्रा के साथ श्रीराम कथा का शुभारंभ

कासगंज/सोरोंजी। सनातन तीर्थ नगरी सोरों में हरपदी गंगा के पावन तट स्थित भगवान श्री वराह मंदिर परिसर में आयोजित नौ दिवसीय संगीतमय श्रीराम कथा का शुभारंभ सोमवार को भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। कलश यात्रा निकलने से पूरा नगर भक्तिमय माहौल में डूब गया और श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिला।

धार्मिक अनुष्ठान की शुरुआत भगवान श्री वराह मंदिर प्रांगण से हुई। कलश यात्रा में पीत वस्त्र धारण किए महिलाएं और युवतियां सिर पर गंगाजल से भरे मंगल कलश रखकर भजनों पर झूमती नजर आईं। श्रद्धालु गाजे-बाजे और जयघोष के साथ मां गंगा की परिक्रमा करते हुए कथा स्थल तक पहुंचे, जहां विधि-विधान से श्रीराम कथा का शुभारंभ कराया गया।

कलश यात्रा का मुख्य आकर्षण पवित्र रामायण जी रही, जिसे श्रद्धालु पूरे श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ सिर पर धारण कर चल रहे थे। यात्रा के दौरान स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम और रामायण जी का श्रद्धापूर्वक अभिनंदन किया गया।

सायं 3 बजे से शुरू हुई श्रीराम कथा में पूज्य चाकर जी महाराज ने भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन, चरित्र और रामकथा की महत्ता का भावपूर्ण वर्णन किया। नौ दिवसीय संगीतमय कथा में कथाव्यास चाकर जी महाराज अपने मुखारविंद से भगवान श्रीराम की दिव्य लीलाओं का रसपान कराएंगे।

आयोजक समिति ने सभी धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण करने और पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।

कलश यात्रा में प्रमुख रूप से नीरज भारद्वाज विकौरा वाले, महंत आचार्य नरेश त्रिगुनायत, धर्मयात्रा महासंघ के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. राजीव बरबारिया, डॉ. कमलनयन चौधरी, मोहन तिवारी, अनिल पचौरी, गणेश यादव गौरव, उत्कर्ष उपाध्याय, कुलदीप, देवांश शर्मा मोहक, प्रज्ञेश द्विवेदी, सक्षम द्विवेदी, हार्दिक गौड़, मिलन मिश्रा सहित सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे।

Soron Live 24
Author: Soron Live 24

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *