गंगा दशहरा पर उमड़ा आस्था का सैलाब, हजारों श्रद्धालुओं ने लगाई पावन डुबकी हरि की पैड़ी, आदि गंगा और लहरा गंगा घाटों पर दिनभर रहा श्रद्धालुओं का तांता, पुलिस प्रशासन रहा अलर्ट

गंगा दशहरा पर उमड़ा आस्था का सैलाब, हजारों श्रद्धालुओं ने लगाई पावन डुबकी

हरि की पैड़ी, आदि गंगा और लहरा गंगा घाटों पर दिनभर रहा श्रद्धालुओं का तांता, पुलिस प्रशासन रहा अलर्ट

oplus_2

सोरों/कासगंज।( सचिन उपाध्याय/रवि श्रोतीय)गंगा दशहरा एवं पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर सोमवार को तीर्थ नगरी सोरों शूकर क्षेत्र सहित जनपद के विभिन्न गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हरि की पैड़ी, आदि गंगा, लहरा गंगा घाट, कादरगंज गंगा घाट तथा बरवारा गंगा घाट पर हजारों श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाकर पूजा-अर्चना की और दान-पुण्य कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

सुबह करीब पांच बजे से ही श्रद्धालुओं के घाटों पर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया, जो देर शाम तक जारी रहा। श्रद्धालुओं ने मां गंगा में स्नान कर सुख-समृद्धि एवं परिवार की खुशहाली की कामना की। सोरों में श्रद्धालुओं ने आदि गंगा में स्नान करने के बाद भगवान वराह के दर्शन भी किए।

घाटों पर रही चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था

गंगा दशहरा पर्व को लेकर पुलिस एवं प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। हरि की पैड़ी, लहरा गंगा घाट समेत प्रमुख स्नान स्थलों पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी। पुलिसकर्मी श्रद्धालुओं को गहरे पानी में न जाने की अपील करते रहे और लगातार निगरानी करते दिखाई दिए।

कासगंज क्षेत्राधिकारी आंचल चौहान ने सोरों के हरि की पैड़ी एवं लहरा गंगा घाट का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने श्रद्धालुओं से बातचीत कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

गंगा स्नान का विशेष महत्व

गंगा माता मंदिर के पुजारी कालीचरण माफीदार ने बताया कि पुरुषोत्तम मास में पड़ने वाले गंगा दशहरा पर्व का विशेष महत्व होता है। इस दिन गंगा स्नान एवं दान-पुण्य करने से विशेष फल की प्राप्ति होती है। मान्यता है कि इसी दिन मां गंगा का पृथ्वी पर अवतरण हुआ था, इसलिए श्रद्धालु पूरे श्रद्धा भाव से इस पर्व को मनाते हैं।

प्राचीन वराह मंदिर में सजा फल कुंज दरबार

सोरों स्थित प्राचीन वराह मंदिर में गंगा दशहरा के अवसर पर भगवान वराह का भव्य फल कुंज दरबार सजाया गया। मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाते हुए भगवान को छप्पन भोग अर्पित किया गया। श्रद्धालुओं ने दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

देर शाम होगी मां गंगा की भव्य आरती

गंगा दशहरा पर्व के अवसर पर देर शाम सोरों हरि की पैड़ी स्थित पांच छतरी घाट एवं आरती घाट पर मां गंगा की भव्य आरती का आयोजन किया जाएगा। श्रद्धालुओं में आरती को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।

Soron Live 24
Author: Soron Live 24

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *