तेज रफ्तार ट्रक ने ई-रिक्शा को मारी टक्कर, दो सगे भाइयों की मौत फल-सब्जी खरीदने मंडी जा रहे थे चार लोग, दो घायल; हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार

तेज रफ्तार ट्रक ने ई-रिक्शा को मारी टक्कर, दो सगे भाइयों की मौत

फल-सब्जी खरीदने मंडी जा रहे थे चार लोग, दो घायल; हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार

 

कासगंज। मथुरा-बरेली हाईवे पर बुधवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो सगे भाइयों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार पत्थरों से भरे ट्रक ने ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी। घटना के बाद चालक ट्रक मौके पर छोड़कर फरार हो गया।

मृतक राजाराम कश्यप फाइल फोटो

मृतक अशोक कश्यप फाइल फोटो

घटना सुबह तड़के मथुरा-बरेली हाईवे स्थित हेवन इलेवन होटल के निकट की है। बताया गया कि सोरों क्षेत्र से चार लोग ई-रिक्शा में सवार होकर कासगंज मंडी फल और सब्जी खरीदने जा रहे थे। तभी कासगंज की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। हादसे में अशोक पुत्र नाथूराम निवासी मोहल्ला मढ़ई, सोरों को जिला अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया। वहीं उनके भाई राजाराम पुत्र नाथूराम की हालत गंभीर होने पर अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

हादसे में घायल सचिन निवासी श्यामपुर को गंभीर हालत में अलीगढ़ रेफर किया गया है, जबकि सर्वेश पुत्र अशोक कुमार, उम्र 17 वर्ष, का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।

रोज की तरह मंडी जा रहे थे दोनों भाई

परिजनों के अनुसार दोनों सगे भाई रोजाना फल और सब्जी का व्यवसाय करते थे और प्रतिदिन सुबह कासगंज मंडी खरीदारी के लिए जाते थे। बुधवार सुबह भी दोनों अपने साथियों के साथ मंडी जा रहे थे, तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया।

परिवार में मचा कोहराम

दोनों भाइयों की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई और बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंच गए।

पुलिस जांच में जुटी

पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार अभी तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। मामले की जांच की जा रही है तथा फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।

Soron Live 24
Author: Soron Live 24

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *