15वें वित्त आयोग की बैठक में डीएम सख्त “मानकों से समझौता नहीं, लापरवाही पर होगी कार्रवाई”

15वें वित्त आयोग की बैठक में डीएम सख्त

“मानकों से समझौता नहीं, लापरवाही पर होगी कार्रवाई”

नई नालियों में जाली लगाने और एचटीपीपी प्लांट स्थापित कराने के निर्देश

कासगंज, 19 मई।
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत नगर निकायों में कराए जा रहे विकास कार्यों एवं उपलब्ध धनराशि के उपयोग को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद की विभिन्न नगर निकायों में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि वित्त आयोग से प्राप्त धनराशि का उपयोग शासन की मंशा के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध ढंग से कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा सभी निर्माण कार्य निर्धारित नियमों एवं मानकों के अनुसार ही पूरे किए जाएं।

बैठक में डीएम ने स्वच्छता, पेयजल, सड़क, प्रकाश व्यवस्था एवं जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। साथ ही विकास कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

जिलाधिकारी ने सभी नगर पालिकाओं में भूमि चिन्हित कर एचटीपीपी प्लांट स्थापित कराने के निर्देश दिए, जिससे जल निकासी संबंधी समस्याओं का स्थायी समाधान हो सके। इसके अलावा नई नालियों में जाली लगवाने के भी निर्देश दिए गए, ताकि कूड़ा जमा होने से पानी की निकासी बाधित न हो।

बैठक में अपर जिलाधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Soron Live 24
Author: Soron Live 24

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *