खनन माफिया के हौसला बुलंद!ट्रैक्टर की टक्कर से उपलों का बिटोरा गिरा, विरोध करने पर मारपीट, युवक घायल!


कासगंज। जनपद के महमूदपुर पुख्ता गांव में उपलों के बिटोरे को लेकर विवाद के बाद मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित घनेंद्र पाल सिंह ने थाना पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित घनेंद्र पाल सिंह पुत्र दुर्ग सिंह निवासी महमूदपुर पुख्ता ने बताया कि उनके घर के पीछे उपलों का बिटोरा रखा हुआ था। आरोप है कि गांव निवासी भूप सिंह पुत्र कोमल सिंह निवासी इस्माइलपुर थाना सोरों ट्रैक्टर में बालू भरकर जा रहा था। इसी दौरान ट्रैक्टर की टक्कर से बिटोरा गिर गया। पीड़ित ने आरोप लगाया कि भूप सिंह क्षेत्र में अवैध खनन से जुड़ा हुआ है। बिटोरा गिरने का विरोध करने पर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई।
आरोप है कि इसी दौरान आरोपी पक्ष ने उनके भाई भूपेंद्र को पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट की, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आ गई। घायल भूपेंद्र को उपचार के लिए सोरों के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घनेंद्र पाल सिंह ने पुलिस को दिए बयान में कहा, “हमारे घर के पीछे रखा उपलों का बिटोरा ट्रैक्टर की टक्कर से गिरा दिया गया। विरोध करने पर मेरे भाई के साथ मारपीट की गई, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई है। हमने पुलिस से निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।”
पीड़ित ने थाना पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
#dmkasganj #soron #kasganjpolice
Author: Soron Live 24

