मेला मैदान पर निर्माण को लेकर सियासत तेज, पालिका बोर्ड एकजुट
साइबर थाना निर्माण का सभासदों ने किया विरोध, डीएम को सौंपेंगे ज्ञापन

सोरों शूकरक्षेत्र यूपी (सचिन उपाध्याय)। नगर के ऐतिहासिक मेला मैदान पर प्रस्तावित निर्माण को लेकर अब सियासत गरमा गई है। सोमवार को नगर पालिका परिषद सभागार में आयोजित बोर्ड बैठक में सभासदों ने प्रस्तावित साइबर थाना निर्माण का जोरदार विरोध करते हुए निर्माण रोकने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पास किया।
पालिका अध्यक्ष रामेश्वर दयाल महेरे की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में कहा गया कि मेला मैदान सोरों की धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहचान का प्रमुख केंद्र है। ऐसे में इस भूमि को नगर पालिका परिषद की अधिकृत संपत्ति के रूप में सुरक्षित रखा जाना चाहिए।
बैठक में मौजूद जनप्रतिनिधियों और सभासदों ने एकजुट होकर मांग उठाई कि मेला मैदान की भूमि नगर निकाय को हस्तांतरित की जाए तथा किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य रोका जाए।
पालिका अध्यक्ष रामेश्वर दयाल महेरे ने कहा कि मेला मैदान केवल भूमि नहीं, बल्कि नगर की आस्था और विरासत का प्रतीक है। इसकी मूल पहचान बनाए रखना नगर हित में आवश्यक है।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि मंगलवार 12 मई को सभी सभासद जिलाधिकारी कासगंज को ज्ञापन सौंपेंगे। साथ ही मुख्यमंत्री से समय लेकर पूरे प्रकरण से अवगत कराने की तैयारी की जा रही है।
सभासद संघ अध्यक्ष विष्णुकान्त तिवारी ने कहा कि नगर की ऐतिहासिक धरोहर और जनता की भावनाओं की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष किया जाएगा।
बैठक में एसडीएम, अधिशासी अधिकारी हर्षिता देवड़ा सहित सभासद नीतेश पचौरी, विष्णुकान्त तिवारी, जयपाल कश्यप, पवनेश सक्सेना, अतुल तिवारी, अतुल महेरे, विजय गोस्वामी, मुनीश चौधरी, अनुभव निर्भय, मेहरुद्दीन, इकरार, राहुल अग्रवाल, संपूर्णानंद भारद्वाज समेत अन्य सभासद मौजूद रहे।
Author: Soron Live 24

