मारपीट मामलों में लापरवाही अब नहीं चलेगी: मेडिकल के बाद एफआईआर दर्ज न करने वाले थानों पर होगी कार्रवाई
एसपी ने लागू की नई निगरानी व्यवस्था, हर थाने से मांगी जाएगी दैनिक रिपोर्ट
कासगंज। जनपद में मारपीट और विवाद के मामलों में घायल लोगों का मेडिकल कराने के बाद भी प्राथमिकी दर्ज न होने की लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह ने नई व्यवस्था लागू कर दी है। अब जिले के सभी थानों को प्रतिदिन मेडिकल कराने वाले लोगों की सूची और उन मामलों में की गई कार्रवाई की रिपोर्ट एसपी कार्यालय भेजनी होगी।
एसपी कार्यालय को लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं कि कई मामलों में पुलिस घायल पक्ष का मेडिकल तो करा देती थी, लेकिन बाद में प्राथमिकी दर्ज करने में टालमटोल की जाती थी। इससे पीड़ितों को न्याय के लिए थानों और एसपी कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ते थे।
नई व्यवस्था के तहत अब प्रत्येक थाना यह जानकारी देगा कि कितने लोगों का मेडिकल कराया गया, मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद क्या कार्रवाई की गई और मामला किस प्रकार का था। यदि किसी मामले में मेडिकल के बावजूद एफआईआर दर्ज नहीं की गई तो संबंधित थाना प्रभारी से जवाब तलब किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह ने कहा कि आमजन को न्याय दिलाना पुलिस की प्राथमिकता है। किसी भी पीड़ित के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि मेडिकल कराने के बाद कार्रवाई में लापरवाही बरतने वाले थानों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
एसपी की इस नई पहल से अब पीड़ितों को राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है और पुलिस कार्यप्रणाली में पारदर्शिता बढ़ेगी।
#UPNews #kasganjpolice
Author: Soron Live 24

