प्रधानों ने विधायक हरिओम वर्मा को सौंपा ज्ञापन, पंचायतों का कार्यकाल बढ़ाने की उठाई मांग

अमापुर। ब्लॉक अमापुर के प्रधानों ने शुक्रवार को विधायक हरिओम वर्मा को मुख्यमंत्री के नाम संबोधित एक मांग पत्र सौंपकर ग्राम प्रधानों का शासनकाल बढ़ाए जाने की मांग उठाई। प्रधानों ने कहा कि पंचायतों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में कई विकास कार्य प्रगति पर हैं, ऐसे में कार्यकाल बढ़ने से योजनाओं को और बेहतर ढंग से पूरा किया जा सकेगा।
ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रधानों ने अपनी समस्याओं और पंचायत स्तर पर चल रहे विकास कार्यों को भी विधायक के समक्ष रखा। विधायक हरिओम वर्मा ने प्रधानों को आश्वस्त किया कि उनकी मांग को गंभीरता से शासन तक पहुंचाया जाएगा।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. वी.के. राजपूत ने कहा कि ग्राम प्रधान गांवों के विकास की रीढ़ हैं। उन्होंने कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों ने ग्रामीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और उनकी मांगों पर सरकार सकारात्मक विचार करेगी।
कार्यक्रम के दौरान जिला महामंत्री शिवकुमार हमदर्द, ब्लॉक अध्यक्ष महेंद्र सिंह राजपूत, भीसमपाल, राजू प्रधान, विकास यादव, सुभाष बाबू, अजब सिंह, शैलेन्द्र सिंह सहित दर्जनों प्रधान मौजूद रहे।
Author: Soron Live 24

