कासगंज:शिक्षिका के निलंबन पर भड़के छात्र-छात्राएं, स्कूल गेट पर ताला जड़कर किया प्रदर्शन

कासगंज ।( सचिन उपाध्याय)शहर के भिटौना स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय में शिक्षिका शालिनी मिश्रा के निलंबन को लेकर छात्र-छात्राओं का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज बच्चों ने स्कूल के मुख्य गेट पर ताला लगाकर विरोध प्रदर्शन किया और शिक्षिका की वापसी की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया।
प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने अपने बैग स्कूल गेट पर टांग दिए और स्पष्ट कहा कि जब तक उनकी शिक्षिका वापस नहीं आएंगी, तब तक स्कूल नहीं खुलने दिया जाएगा। छात्रों का कहना है कि शालिनी मिश्रा सभी को बिना किसी भेदभाव के पढ़ाती थीं और विद्यालय की साफ-सफाई के प्रति भी जागरूक करती थीं।
जानकारी के अनुसार, विद्यालय में बच्चों से साफ-सफाई कराए जाने की तस्वीरें किसी ने बेसिक शिक्षा अधिकारी को भेज दी थीं। वहीं पोर्टल पर उपस्थिति दर्ज करने और विद्यालय के लिए आए लैब उपकरणों को लेकर भी विवाद की चर्चा है। इन्हीं मामलों को आधार बनाकर बीएसए द्वारा शिक्षिका को निलंबित किया गया बताया जा रहा है।
प्रदर्शन के दौरान छात्राओं ने खुलकर शिक्षिका के समर्थन में अपनी बात रखी। छात्रा दीपा ने कहा कि उनकी मैम बहुत अच्छा पढ़ाती हैं और उनके खिलाफ साजिश की गई है। वहीं छात्रा इजरा ने कहा, “स्कूल हमारा मंदिर है और उसकी साफ-सफाई करना हमारा कर्तव्य है। हम अपने घर की तरह स्कूल को भी साफ रखते हैं।”
मौके पर खंड शिक्षा अधिकारी एवं पुलिस प्रशासन भी मौजूद रहे, जो बच्चों को समझाने का प्रयास करते हुए विद्यालय खुलवाने की कोशिश में जुटे रहे।
फिलहाल इस पूरे मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है। अभिभावकों सहित स्थानीय लोग भी घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।
#YogiAdityanath #BreakingNews #school #bsaKasganj
Author: Soron Live 24

