सार्वजनिक शौचालय में सब्जी का भंडारण, जनसुविधा पर ताला—सभासदों ने खोला मोर्चा
कछला गेट सब्जी मंडी में शौचालय बना गोदाम, जिम्मेदारों की चुप्पी पर उठे सवाल

(सभासदों ने किया निरीक्षण जताया विरोध)
कासगंज/सोरों। (सचिन उपाध्याय)नगर पालिका परिषद क्षेत्र में आम जनता की सुविधा के लिए बनाए गए सार्वजनिक शौचालय की स्थिति सोरों में चिंताजनक हो गई है। कछला गेट स्थित सब्जी मंडी में बना सार्वजनिक शौचालय कब्जे की जद में है, जहां एक सब्जी आढ़तिया द्वारा इसे सब्जियों के भंडारण के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि शौचालय के अंदर कद्दू समेत अन्य सब्जियां भरी हुई हैं, जिससे आम नागरिक इसका उपयोग नहीं कर पा रहे हैं। बाजार जैसे व्यस्त इलाके में शौचालय बंद होने के कारण राहगीरों और व्यापारियों को भारी असुविधा झेलनी पड़ रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सभासद संघ के अध्यक्ष विष्णु तिवारी सहित सभासद पवनेश सक्सेना, जयपाल कश्यप, जय सिंह और रवि दुबे मौके पर पहुंचे और शौचालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान शौचालय के बाहर ताला लटका मिला, जिससे कब्जे के आरोप और मजबूत हो गए।
सभासद संघ के अध्यक्ष विष्णु तिवारी ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह सार्वजनिक शौचालय आम जनता के उपयोग के लिए है, लेकिन ठेकेदार द्वारा इसे सब्जियों के गोदाम में बदलना पूरी तरह नियम विरुद्ध है। उन्होंने इसे प्रशासनिक लापरवाही बताते हुए कहा कि इस तरह की हरकतें स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावित करती हैं।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि यह कृत्य सामाजिक और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। सभासदों ने एक स्वर में शौचालय को तत्काल कब्जा मुक्त कराने, संचालक और संबंधित सब्जी आढ़तिया के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की।
वहीं, नगर पालिका के जिम्मेदार अधिकारियों की चुप्पी पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो यह समस्या और गंभीर रूप ले सकती है।
Author: Soron Live 24

