ट्रेन से उतरते समय महिला श्रद्धालु फिसली, गंभीर रूप से घायल
सोरों शूकर क्षेत्र स्टेशन पर हादसा, CHC में चल रहा उपचार

कासगंज/सोरों। कासगंज से बरेली की ओर जा रही ट्रेन से सोरों शूकर क्षेत्र रेलवे स्टेशन रोड पर उतरते समय एक महिला श्रद्धालु फिसलकर घायल हो गई। घटना गुरुवार सुबह लगभग 10 बजे की बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को तत्काल सोरों के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है।
घायल महिला की पहचान इंदिरा देवी (60 वर्ष) पत्नी रामकृष्ण निवासी ग्राम अरनिया, थाना गंगापुर सिटी, जनपद सवाई माधोपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि इंदिरा देवी अपने परिजनों के साथ सोरों जी में किसी परिजन की अस्थियां विसर्जित करने आ रही थीं, तभी ट्रेन से उतरते समय उनका पैर फिसल गया और वह प्लेटफॉर्म पर गिर पड़ीं।
डॉक्टरों के अनुसार महिला की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। वहीं, पुलिस मामले की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
Author: Soron Live 24

