सार्वजनिक शौचालय पर सब्जी आढ़तिया का कब्जा, पालिका अधिकारी मौन
कछला गेट सब्जी मंडी में शौचालय बना गोदाम, आम जनता परेशान

कासगंज/सोरों।नगर पालिका परिषद क्षेत्र में बनाए गए सार्वजनिक शौचालय आम नागरिकों की सुविधा के लिए होते हैं, लेकिन सोरों के कछला गेट स्थित सब्जी मंडी में यह व्यवस्था पूरी तरह बेपटरी नजर आ रही है। यहां बने सार्वजनिक शौचालय पर एक सब्जी आढ़तिया ने कब्जा कर उसे सब्जियों के भंडारण का साधन बना लिया है, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, शौचालय में कद्दू सहित अन्य सब्जियां भर दी गई हैं, जिसके चलते जरूरतमंद लोग इसका उपयोग नहीं कर पा रहे हैं। मुख्य बाजार जैसे व्यस्त क्षेत्र में स्थित होने के बावजूद शौचालय के बंद होने से राहगीरों और व्यापारियों को खुले में शौच या अन्य विकल्प तलाशने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
हैरानी की बात यह है कि नगर पालिका के जिम्मेदार अधिकारी और कर्मचारी इस पूरे मामले पर मौन साधे हुए हैं। यह स्थिति न केवल प्रशासनिक लापरवाही को उजागर करती है, बल्कि स्वच्छता व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करती है।
स्थानीय नागरिकों ने इस मामले की निष्पक्ष जांच कर जल्द से जल्द शौचालय को कब्जा मुक्त कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई, तो यह समस्या और गंभीर रूप ले सकती है। #dmkasganj #kasganjnews #YogiAdityanath #soron #BreakingNews
Author: Soron Live 24

