होमगार्ड भर्ती परीक्षा: कासगंज में कड़ी सुरक्षा के बीच तीन दिवसीय परीक्षा सकुशल संपन्न


कासगंज, जनपद कासगंज में होमगार्ड भर्ती परीक्षा का अंतिम दिवस सोमवार को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो गया। तीन दिनों तक चली इस परीक्षा का आयोजन दोनों पालियों में बिना किसी व्यवधान के सफलतापूर्वक कराया गया।
परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए पुलिस अधीक्षक ओ.पी. सिंह ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की चेकिंग, प्रवेश प्रक्रिया और ड्यूटी में तैनात पुलिस बल की व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान ड्यूटी में लगे अधिकारियों व कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए गए कि परीक्षा पूरी सतर्कता, पारदर्शिता और शुचिता के साथ संपन्न कराई जाए।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, संदिग्ध गतिविधि या अनुचित साधनों के प्रयोग पर कड़ी निगरानी रखी जाए। साथ ही अभ्यर्थियों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखने के निर्देश भी दिए गए।
यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए रोडवेज बस स्टैंड कासगंज का भी निरीक्षण किया गया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, जिससे परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने और वापस जाने में कोई असुविधा न हो।
कासगंज पुलिस और प्रशासन की समन्वित व्यवस्था के चलते 25 अप्रैल से 27 अप्रैल तक आयोजित यह तीन दिवसीय परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।
Author: Soron Live 24

