श्री मद्भागवत कथा:महा रासलीला और श्रीकृष्ण-रुक्मिणी विवाह की हुई भावपूर्ण कथा

छठे दिन कथा में उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब, कथावाचक रामजी भाई ने भक्ति और प्रेम का सुनाया संदेश
सोरों (कासगंज):तीर्थ नगरी सोरों शूकर क्षेत्र स्थित हरि पैड़ी पर्यटन केंद्र में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा के छठे दिन श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। प्रसिद्ध कथावाचक रामजी भाई ने महारास लीला एवं श्रीकृष्ण-रुक्मिणी विवाह की भावपूर्ण कथा का रसपान कराते हुए उपस्थित श्रद्धालुओं को भक्ति भाव में सराबोर कर दिया।
कथावाचक ने महारास लीला का वर्णन करते हुए बताया कि यह लीला भगवान श्रीकृष्ण और गोपियों के बीच दिव्य प्रेम और आत्मा-परमात्मा के मिलन का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि महारास केवल एक लीला नहीं, बल्कि जीवात्मा के परमात्मा में पूर्ण समर्पण की अनुभूति है। कथा के दौरान वातावरण भक्तिमय हो उठा और श्रद्धालु मंत्रमुग्ध होकर कथा का आनंद लेते रहे।
इसके पश्चात श्रीकृष्ण और रुक्मिणी विवाह प्रसंग का विस्तार से वर्णन किया गया। कथावाचक ने बताया कि रुक्मिणी जी का श्रीकृष्ण के प्रति अटूट प्रेम और समर्पण उन्हें भगवान के चरणों तक ले गया। विवाह प्रसंग के माध्यम से धर्म, प्रेम और आस्था का संदेश दिया गया, जिसे सुनकर श्रोताओं की आंखें भावविभोर हो उठीं।
कथा स्थल पर सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और सभी ने भक्ति रस का भरपूर आनंद लिया। पूरे परिसर में भजन-कीर्तन और जयकारों की गूंज से माहौल भक्तिमय बना रहा।
आयोजकों ने बताया कि कथा का समापन आगामी दिनों में भव्य रूप से किया जाएगा, जिसमें अधिक से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। कार्यक्रम नगर पालिका अध्यक्ष रामेश्वर दयाल महेरे, श्री कृष्णा महेरे,विशाल पाठक सचिन चौधरी आकाश महेरे शिवांशु दुबे सत्यम चौबे अभिषेक वशिष्ठ माधव उपाध्याय जय किशन तिवारी अमित महेरे राम गोविंद महेरे राम दर्शन महेरे,योगेश महेरे,अनुराग तिवारी,जयप्रकाश दुवे आदि लोग उपस्थित रहे
Author: Soron Live 24

