निजी स्कूलों में एनसीईआरटी लागू करने व फीस वृद्धि पर रोक की मांग को लेकर लखनऊ में धरना
अखंड आर्यावर्त निर्माण संघ ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा, कार्रवाई न होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी

लखनऊ।( सचिन उपाध्याय )अखंड आर्यावर्त निर्माण संघ के बैनर तले राजधानी लखनऊ में विधानसभा के निकट महात्मा गांधी पार्क में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। यह प्रदर्शन संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष भूपेश शर्मा के नेतृत्व में किया गया, जिसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। धरने के दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित एक ज्ञापन लखनऊ प्रशासन को भी सौंपा गया।
ज्ञापन में संघ ने प्रदेश के कक्षा 1 से 12 तक के निजी विद्यालयों में एनसीईआरटी पाठ्यक्रम अनिवार्य रूप से लागू कराने, मनमानी फीस वृद्धि पर तत्काल रोक लगाने तथा शिक्षा व्यवस्था में व्याप्त अनियमितताओं पर सख्त कार्रवाई की मांग उठाई। साथ ही प्रशासनिक स्तर पर लापरवाही और निजी विद्यालयों द्वारा अभिभावकों के आर्थिक शोषण पर भी चिंता जताई गई।
धरने में उठी ये प्रमुख मांगें:
संघ ने मांग की कि सभी निजी विद्यालयों में एनसीईआरटी पाठ्यक्रम लागू किया जाए, अभिभावकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने वाले महंगे कोर्स और किताबों की बाध्यता समाप्त की जाए तथा फीस वृद्धि पर नियंत्रण के लिए ठोस नीति बनाई जाए। इसके अलावा दोषी विद्यालयों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की भी मांग की गई।
राष्ट्रीय अध्यक्ष भूपेश शर्मा ने कहा कि, “प्रदेश में शिक्षा का निजीकरण तेजी से बढ़ रहा है और स्कूल प्रबंधन मनमाने तरीके से फीस वसूल रहे हैं। अभिभावक आर्थिक दबाव में हैं, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हो रही। यदि जल्द ही सरकार ने ठोस कदम नहीं उठाए, तो संगठन प्रदेशव्यापी आंदोलन के लिए बाध्य होगा।”
वहीं अशोक कुमार पांडे ने कहा, “शिक्षा के नाम पर अभिभावकों का शोषण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरकार को इस गंभीर मुद्दे पर तत्काल संज्ञान लेकर सख्त दिशा-निर्देश जारी करने चाहिए।”
कपिल पंडित ने कहा, “निजी विद्यालयों की मनमानी पर रोक लगाना बेहद जरूरी है। सरकार को पारदर्शी और सख्त नीति बनाकर यह सुनिश्चित करना चाहिए कि किसी भी अभिभावक पर अनावश्यक आर्थिक बोझ न पड़े और सभी को समान शिक्षा का अधिकार मिल सके।”
सभासद नितेश उर्फ रिंकू पचौरी ने कहा कि, “यह आंदोलन केवल एक संगठन का नहीं, बल्कि हर उस अभिभावक और छात्र की आवाज है जो महंगी शिक्षा व्यवस्था से परेशान है। प्रशासन को जमीनी स्तर पर जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करनी चाहिए।”
ये लोग रहे मौजूद:धरने के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष भूपेश शर्मा, अशोक कुमार पांडे, कपिल पंडित, रामदास ,सभासद नितेश उर्फ रिंकू पचौरी सहित कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
संघ ने स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित समय सीमा में मांगों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, तो प्रदेशभर में बड़े स्तर पर आंदोलन शुरू किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।।
#kasganjnews #लखनऊ #ncert #YogiAdityanath
Author: Soron Live 24

