स्मार्ट मीटर के विरोध में गंजडुंडवारा में धरना, योजना वापस लेने की मांग

गंजडुंडवारा/पटियाली (कासगंज), गुरुवार। क्षेत्र में स्मार्ट मीटर व्यवस्था के विरोध में गुरुवार को नागरिकों ने जोरदार धरना प्रदर्शन किया। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता अब्दुल हफीज गांधी के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन के दौरान मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन भेजकर स्मार्ट मीटर योजना को तत्काल समाप्त कर पुरानी पोस्टपेड व्यवस्था बहाल करने की मांग उठाई गई।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि प्रदेश में लगाए गए लाखों स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं की सहमति के बिना लगाए गए हैं, जिससे आम लोगों को आर्थिक, तकनीकी और मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वक्ताओं ने कहा कि प्रीपेड व्यवस्था लागू होने से आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा है और बैलेंस खत्म होते ही बिना किसी मानवीय संवेदना के बिजली आपूर्ति काट दी जाती है।
धरने को संबोधित करते हुए अब्दुल हफीज गांधी ने कहा कि यह योजना जनहित के बजाय जनविरोधी साबित हो रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में नेटवर्क और तकनीकी समस्याओं के कारण स्थिति और भी खराब हो रही है। राशिद अली ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर के कारण गलत और अधिक बिलिंग की शिकायतें बढ़ी हैं, वहीं भुगतान के बाद भी समय पर बिजली आपूर्ति बहाल नहीं होती।
नीलेश कुमारी ने कहा कि गरीब और मजदूर वर्ग के लिए बार-बार रिचार्ज कराना मुश्किल है तथा बिल जमा करने के लिए पर्याप्त काउंटर न होने से लोगों को लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ता है। उन्होंने व्यवस्था में पारदर्शिता की कमी पर भी सवाल उठाए।
ज्ञापन में प्रमुख मांगों में स्मार्ट मीटर योजना को वापस लेना, मौजूदा मीटरों को पोस्टपेड प्रणाली में बदलना, पारंपरिक मीटर व्यवस्था बहाल करना, बिल जमा करने के लिए पर्याप्त काउंटर स्थापित करना और नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करना शामिल है।
वक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सरकार ने इस दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए, तो व्यापक आंदोलन किया जाएगा। धरना प्रदर्शन में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की। इस दौरान असलम अंसारी, पंकज लोधी, मुशीर अहमद अंसारी, राजू वर्मा, आतिफ खान, मो. वासिफ, अरविंद यादव, अकील खान, शाकिब खान, डॉ अयूब, इकरार नबी, जुनैद पठान, आबिद, माजिद सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
Author: Soron Live 24

