सोरों में श्रीमद्भागवत कथा का दूसरा दिन: ध्रुव चरित्र और वराह अवतार की कथा से भाव-विभोर हुए श्रद्धालु

सोरों में श्रीमद्भागवत कथा का दूसरा दिन: ध्रुव चरित्र और वराह अवतार की कथा से भाव-विभोर हुए श्रद्धालु

कासगंज। तीर्थ नगरी सोरों शूकर क्षेत्र स्थित हरि की पैड़ी पर्यटन केंद्र पर चल रही श्रीमद्भागवत कथा के दूसरे दिन मंगलवार को कथा वाचक रामजी भाई ने ध्रुव चरित्र एवं भगवान वराह अवतार की पावन कथा का भावपूर्ण वाचन किया। कथा श्रवण के दौरान बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालु भक्ति रस में डूबे नजर आए और भगवान की लीलाओं का वर्णन सुनकर भाव-विभोर हो उठे।

कथा वाचक ने ध्रुव चरित्र का विस्तार से वर्णन करते हुए बताया कि किस प्रकार बालक ध्रुव ने विपरीत परिस्थितियों में अटूट श्रद्धा और कठोर तपस्या के बल पर भगवान विष्णु की कृपा प्राप्त की। उन्होंने कहा कि सच्ची भक्ति, समर्पण और धैर्य से ही भगवान की प्राप्ति संभव है, जो ध्रुव के जीवन से स्पष्ट होता है।

इसके बाद भगवान वराह अवतार की कथा सुनाते हुए बताया गया कि जब दैत्य हिरण्याक्ष ने पृथ्वी माता को रसातल में ले जाकर छिपा दिया, तब भगवान विष्णु ने वराह (सूअर) का रूप धारण कर उससे युद्ध किया और उसका वध कर पृथ्वी माता को मुक्त कराया। कथा में यह भी उल्लेख किया गया कि सोरों शूकर क्षेत्र वही पवित्र स्थल माना जाता है, जहां भगवान वराह का प्राकट्य हुआ था। मान्यता है कि यहां स्थित पवित्र कुंड को भगवान वराह ने अपने नाखूनों से खोदकर बनाया था, जिसके कारण यह स्थल अत्यंत पुण्यदायी माना जाता है।

कथा के दौरान बताया गया कि सोरों तीर्थ में अल्प समय का तप भी अत्यंत फलदायी होता है और यहां अर्ध प्रहर (लगभग तीन घंटे) का तप करने से हजारों वर्षों के तप के समान पुण्य की प्राप्ति होती है।

कथा के समापन पर श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन में भाग लेकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। आयोजकों ने बताया कि कथा का क्रम आगामी दिनों में भी जारी रहेगा, जिसमें विभिन्न प्रसंगों का विस्तार से वर्णन किया जाएगा। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष रामेश्वर दयाल महेरे,आकाश महेरे, जगदीश नारायण महेरे,योगेश महेरे,राम दर्शन महेरे,श्री कृष्णा महेरे,राम दर्शन महेरे, नीरज महेरे,राम गोविंद महेरे,जय प्रकाश दुबे,राहुल पाठक,विशाल पाठक,सचिन चौधरी,अमित अग्रवाल,विजय अग्रवाल,दिवाकर सोनी,अभय,आदि लोग उपस्थित रहे।।

Soron Live 24
Author: Soron Live 24

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *